नाइजीरिया में बड़ा हादसा, नाव पलटने से 24 लोगों की दर्दनाक मौत, अंतिम संस्कार में जा रहे थे सभी लोग

नाइजीरिया में बड़ा हादसा, नाव पलटने से 24 लोगों की दर्दनाक मौत, अंतिम संस्कार में जा रहे थे सभी लोग

प्रेषित समय :13:37:23 PM / Sun, Nov 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. दक्षिण नाइजीरिया में एक दर्दनाक नाव हादसे में 24 लोगों की जान चली गई. बताया जा रहा है कि नाव में सवार सभी यात्री एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे. हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल ने पानी से 24 शव बरामद किए हैं, जबकि लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है.

एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (नेमा) के प्रवक्ता मंजो एजेकिएल ने बताया कि दुर्घटनास्थल से अब तक 24 शव निकाले जा चुके हैं. बचाव दल लगातार तलाशी अभियान चला रहा है.

सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर सरकार ने जताई चिंता

हादसे के बाद बायलसा राज्य सरकार ने नाव संचालकों और यात्रियों से जल परिवहन के दौरान सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है. राज्य की सूचना आयुक्त एबियुवो कोकू-ओबियाई ने कहा कि नावों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना, तेज गति से नाव चलाना और बिना लाइफ जैकेट के सफर करना बेहद खतरनाक है. उन्होंने कहा कि लापरवाही के कारण किसी भी व्यक्ति की जान नहीं जानी चाहिए.

राष्ट्रपति टिनुबू ने जताया शोक

नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी संवेदना जाहिर करते हुए कहा कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोग इस तरह मौत के हकदार नहीं थे. राष्ट्रपति ने मृतकों के परिजनों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की.

नाइजीरिया में नाव हादसों की घटनाएं आम

नाइजीरिया में नदियों और जलमार्गों पर नाव पलटने की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं. इन हादसों की प्रमुख वजहों में नावों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना, नावों का उचित रखरखाव नहीं होना और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करना शामिल है. ताजा हादसे ने एक बार फिर देश में जल परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-