अहमदाबाद. गुजरात में शनिवार रात और रविवार सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई. पहला हादसा कच्छ में हुआ, जहां ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में सात लोगों की जान चली गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के दो टुकड़े हो गए. मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. सभी उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से जुड़े थे.
दूसरा हादसा जूनागढ़ जिले में केशोद-बालागाम रोड पर हुआ. यहां तेज रफ्तार स्विफ्ट कार मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें आग लग गई. हादसे में कार सवार चार लोगों में से तीन की जलकर मौत हो गई, जबकि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा की जान बच गई. बताया गया कि टक्कर के दौरान कार का शीशा टूटने से वह बाहर उछलकर खेत में जा गिरी थीं.
कच्छ में ट्रक-कार की टक्कर, एक ही परिवार के कई लोगों की मौत
कच्छ में शनिवार रात करीब 10 बजे ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई. कार में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं. इनमें तीन महीने की एक बच्ची भी थी. सभी उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिजन थे. वे रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद भुज लौट रहे थे, तभी नेशनल हाईवे पर यह हादसा हो गया.
कार में फंसे शव, निकालने में लगे कई घंटे
टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग मलबे में फंस गए. बचाव दल को शवों को बाहर निकालने में कई घंटे लगे. मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है. इनके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षित, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका की भी मौत हो गई.
केशोद में पलटी स्विफ्ट कार में लगी आग, तीन की मौत
दूसरा हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे जूनागढ़ जिले के केशोद-बालागाम रोड पर घामिडाना गांव के पास हुआ. जूनागढ़ से माधवपुर जा रही लाल रंग की स्विफ्ट कार तेज रफ्तार में मोड़ पर अनियंत्रित हो गई. सड़क किनारे पत्थर से टकराने के बाद कार पलट गई और उसमें आग लग गई. कार में दो महिलाओं और दो पुरुषों सहित चार लोग सवार थे. हादसे में दो पुरुषों और एक महिला की मौके पर ही जलकर मौत हो गई. मृतकों की पहचान नंदनी पोपट, डेनिस दिवराणिया और झलक मशरू के रूप में हुई है. तीनों की उम्र 25 से 27 वर्ष के बीच थी.
शीशा टूटने से बाहर गिरीं कृष्णा, बची जान
कार में सवार इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा हादसे में बच गईं. वह आगे की सीट पर बैठी थीं. टक्कर के दौरान कार का शीशा टूटने से वह बाहर उछलकर पास के खेत में जा गिरीं. उन्हें एंबुलेंस से केशोद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, इमरजेंसी सेवा 112 और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

