MP- शादी में शामिल होने जा रहे आर्मी जवान समेत तीन की मौत, खड़े ट्रक में घुसी बोलेरो

MP- शादी में शामिल होने जा रहे आर्मी जवान समेत तीन की मौत, खड़े ट्रक में घुसी बोलेरो

प्रेषित समय :11:55:27 AM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अनूपपुर. अनूपपुर में सोमवार तड़के तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी. भीषण हादसे में बोलेरो सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतकों में दो सगे भाई और बोलेरो मालिक शामिल हैं. मृतकों में एक भारतीय सेना का जवान भी था, जो दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था.

मृतकों की पहचान दीनबंधु विश्वकर्मा (36), विनीत विश्वकर्मा (26) और मोहम्मद करीम (32) के रूप में हुई है. विनीत सेना में जवान था, जबकि करीम बोलेरो का मालिक था. हादसे में धनगवां निवासी राजू तिवारी (30) गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल राजू तिवारी को मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है.

दोस्त की शादी के लिए छुट्टी लेकर लौट रहा था जवान

विनीत विश्वकर्मा अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहा था. शादी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होनी थी. उसके पिता जयकरण विश्वकर्मा लोहारी का काम करते हैं. परिवार में सबसे बड़ा बेटा कियोस्क सेंटर संचालित करता है, जबकि दीनबंधु पंचायत में सेल्समैन था.

बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला था बोलेरो मालिक

तीसरे मृतक मोहम्मद करीम का परिवार मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है. करीम जैतहरी में टायर रिपेयरिंग की दुकान चलाता था. उसके परिवार में दो भाई और चार बहनें हैं. करीम की शादी नहीं हुई थी. हादसे के समय उसके पिता शादी समारोह में शामिल होने बिहार गए हुए थे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-