माजलगांव/पुणे. महाराष्ट्र के बीड़ जिले के माजलगांव में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दंपति की मौत हो गई. आरोप है कि कार माजलगांव नगर परिषद के बीजेपी पार्षद दीपक मेंडके का बेटा दक्ष मेंडके चला रहा था. हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दंपति कई मीटर दूर उछलकर सड़क पर जा गिरे. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
जानकारी के मुताबिक, 20 नवंबर की दोपहर गढ़ी रोड पर पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ. दक्ष मेंडके तेज रफ्तार से कार चला रहा था. इसी दौरान उसकी कार सामने से आ रही बाइक से टकरा गई. बाइक पर प्रह्लाद गायकवाड़ और उनकी पत्नी सुनीता गायकवाड़ सवार थे. सीसीटीवी फुटेज में टक्कर की भयावहता दिखाई दे रही है. कार की जोरदार टक्कर से दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे. हादसे में प्रह्लाद गायकवाड़ की मौके पर ही मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल सुनीता गायकवाड़ को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
महाराष्ट्र में 24 घंटे के भीतर तीन बड़े सड़क हादसे
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे के दौरान तीन बड़े सड़क हादसे सामने आए हैं. इनमें पुणे-अहिल्यानगर हाईवे पर हुआ हादसा भी शामिल है, जिसमें तेज रफ्तार कार डिवाइडर पार कर पलट गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसा पुणे-अहिल्यानगर हाईवे पर वाघोली इलाके में विठ्ठलवाड़ी कमान के पास देर रात करीब 1:25 बजे हुआ. जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार फॉक्सवैगन पोलो कार का चालक नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद कार डिवाइडर पार कर पलट गई और करीब 60 से 70 मीटर आगे जाकर पुणे की ओर जाने वाली लेन में खड़े ट्रक से टकरा गई.
हादसे में ओमकार अजय सूर्यवंशी (24), शंकर वासुदेव ढोले (22) और मयूर सतीश औटी (26/27) की मौत हो गई. तीनों वाघोली के फूलमाला रोड इलाके के निवासी थे. दुर्घटना के बाद घायलों को वाघोली के आई मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया. बाद में शवों को ससून अस्पताल भेजा गया. हादसे में आशुतोष नंदकुमार मरकड (28) और प्रणय भरत शिंदे (24) घायल हुए हैं. दोनों का आई मैक्स अस्पताल में इलाज जारी है. पुलिस के मुताबिक, दोनों घायल होश में हैं. सूचना मिलते ही वाघोली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

