दिल्ली के थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला, 5 जवान घायल; वारदात के बाद टू-व्हीलर लूटकर भागा आरोपी

दिल्ली के थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला, 5 जवान घायल; वारदात के बाद टू-व्हीलर लूटकर भागा आरोपी

प्रेषित समय :20:33:18 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पारिवारिक विवाद के मामले में थाने लाए गए एक युवक ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया. करीब दोपहर 2:30 बजे हुई इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. आरोपी ने जवानों के चेहरे और गर्दन पर चाकू से कई वार किए. वारदात के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

पारिवारिक विवाद के मामले में थाने पहुंचा था आरोपी, अचानक किया हमला

जानकारी के अनुसार, नबील नाम के युवक को पारिवारिक विवाद से जुड़े एक मामले में जामा मस्जिद थाने लाया गया था. इसी दौरान दोपहर करीब ढाई बजे उसने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया. आरोपी ने एक के बाद एक कई जवानों को निशाना बनाया, जिससे पांच पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं. अचानक हुए हमले से थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों के बीच भी हड़कंप मच गया. घायल जवानों को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया.

थाने से भागकर लूटा दोपहिया वाहन, चितली कब्र इलाके से पकड़ा गया

पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद आरोपी नबील थाने से भाग निकला. फरार होने के दौरान उसने रास्ते से एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया और उस पर सवार होकर भागने लगा. घटना की जानकारी मिलते ही सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट सक्रिय हो गई. पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा करते हुए संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की. आखिरकार टीम ने उसे चितली कब्र इलाके से पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-