जबलपुर. शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है, जहां परिवार के बाहर जाने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने घर में धावा बोला और लाखों के जेवरात, नकदी तथा अहम दस्तावेज साफ कर दिए. चोर ने घर के पोर्च में लगे टीन शेड को मोड़कर भीतर प्रवेश किया और दरवाजे की कुंडी तोड़कर पूरी वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस ने मामला दर्ज कर चोर की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वल्पआय गृह निर्माण सोसायटी निवासी विश्वंभर कुमार सिंह उम्र 40 वर्ष जो प्रॉपर्टी का काम करते हैं, 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने पैतृक गांव बलवा कुवारी, जिला वैशाली (बिहार) गए थे. घर की सुरक्षा के लिए कैमरे भी लगे थे. इसी बीच 21 नवंबर को जब विश्वंभर ने मोबाइल पर घर के कैमरे की फुटेज देखी, तो मकान के ऊपर का गेट खुला नजर आया. अनहोनी की आशंका से उन्होंने तुरंत पड़ोसी राम मोहन जायसवाल को घर जाकर देखने के लिए कहा. पड़ोसी ने जाकर देखा और पुष्टि की कि ऊपर का दरवाजा खुला हुआ है. इसके बाद विश्वंभर कुमार सिंह देर रात बिहार से वापस जबलपुर स्थित अपने घर पहुंचे.
भीतर का नजारा देखते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. घर के अंदर रखी दोनों आलमारियों के ताले टूटे व खुली हुई थीं और पूरा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था. लॉकर खंगालने पर पता चला कि चोर सोने की बाली, 1 लोंग, बच्चों के 2 लॉकेट, चांदी की 6 जोड़ी पायल, 1 ब्रेसलेट, 1 पंजा, 6 जोड़ी बिछिया, नकदी रुपये, विश्वंभर के साइन किए हुए 5-6 चेक और ग्राहकों के 5-6 चेक चोरी हो चुके हैं. पीडि़त ने लार्डगंज थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है. साइन किए हुए चेक चोरी होने से आर्थिक धोखाधड़ी की आशंका भी गहरा गई है, जिसके मद्देनजर पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

