सस्ते आईफोन के झांसे में फंसे युवक के साथ 62,940 रुपये की ऑनलाइन ठगी

सस्ते आईफोन के झांसे में फंसे युवक के साथ 62,940 रुपये की ऑनलाइन ठगी

प्रेषित समय :17:52:02 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. सस्ते और आकर्षक ऑफर के लालच में एक और शख्स साइबर ठगों व जालसाजों के जाल में फंस गया. मामला लार्डगंज थाना क्षेत्र का है, जहां आई-फोन दिलाने का लालच देकर एक निजी कर्मचारी से 62 हजार 940 रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली गई. जब पीडि़त ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने न सिर्फ मोबाइल दिया, बल्कि गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दे डाली.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अतुल बिहार अपार्टमेंट, राइट टाउन निवासी अग्रवाल निजी काम करते हैं. 27 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 2 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आया. फोन करने वाले ने खुद को मनीष जैन बताया और बेहद लुभावने ऑफर के तहत आई-फोन दिलवाने की बात कही. आरोपी की चिकनी-चुपड़ी बातों और झांसे में आकर अरुण अग्रवाल ने यूपीआई के जरिए अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करना शुरू कर दिया. आरोपी के कहने पर पीडि़त ने बांके बिहारी सर्विस सेंटर, राहुल खान, यकीन खान और वारिस हरसोनिया के खातों में 499 रुपये से लेकर कुल 62 हजार 940 रुपये तक डलवा दिए. रकम लेने के बाद आरोपी ने उन्हें आई-फोन नहीं दिया.

काफी समय बीतने के बाद जब अरुण अग्रवाल ने अपने 62 हजार 940 रुपये वापस मांगे, तो मनीष जैन ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया. इतना ही नहीं, तकादा करने पर आरोपी भड़क गया और उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. ठगी और धमकी का शिकार होने के बाद पीडि़त ने लार्डगंज थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी मनीष जैन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-