हाईकोर्ट ने कहा इलाज का स्थान पुलिस तय नहीं कर सकती, सरकार की दलील को बताया हास्यास्पद

हाईकोर्ट ने कहा इलाज का स्थान पुलिस तय नहीं कर सकती, सरकार की दलील को बताया हास्यास्पद

प्रेषित समय :17:26:25 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी प्रदेश हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद के अस्पताल में इलाज कराने का अधिकार है और पुलिस यह तय नहीं कर सकती कि कोई व्यक्ति कहां उपचार कराएगा. न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल की एकलपीठ ने राज्य सरकार की उस दलील को हास्यास्पद करार दिया, जिसमें सड़क दुर्घटना पीडि़तों द्वारा नागपुर के निजी अस्पताल में इलाज कराने पर सवाल उठाए गए थे. इसके साथ ही कोर्ट ने डीजीपी की ओर से दायर सभी छह अपीलों को खारिज करते हुए प्रत्येक अपील पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है.

 यह मामला 5 अप्रैल 2024 का है. मंडला निवासी एक परिवार नागपुर से उपचार कराकर कार से लौट रहा था, तभी रात करीब 1:15 बजे केवलारी के पास एक पुलिस बस ने कार को टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में कार चालक काजू महोबिया सहित निखलेश जसवानी और कन्हैया जसवानी की मृत्यु हो गई थी. मामले में पुलिस ने दलील दी थी कि घायलों ने मंडला जिला अस्पताल में इलाज कराने के बजाय नागपुर के बड़े निजी अस्पतालों में जाकर भारी-भरकम मेडिकल बिल बनवाए. सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने पुलिस के तर्क पर कड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार न तो मेडिकल बिलों को फर्जी साबित कर सकी और न ही दुर्घटना में पीडि़तों की कोई गलती प्रमाणित कर पाई. इससे पहले मंडला मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने मृतकों के परिजनों को 48.26 लाख रुपये और चालक के परिवार को 18.19 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया था. हाईकोर्ट ने इस राशि को बढ़ाकर क्रमश: 60.32 लाख और 23.45 लाख रुपये कर दिया है. इस फैसले ने स्पष्ट कर दिया है कि बेहतर चिकित्सा सुविधा चुनना पीडि़तों का अधिकार है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-