भिवंडी.महाराष्ट्र के भिवंडी में चिकन शोरमा खाने के बाद फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है. एक दुकान से शोरमा खाने के बाद 43 लोगों की तबीयत बिगड़ गई. बीमार होने वालों में एक गर्भवती महिला और 10 बच्चे भी शामिल हैं. सभी मरीजों को इंदिरा गांधी स्मृति रुग्णालय (आईजीएम) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
जानकारी के मुताबिक, मामला अंजुर पट्टी नाके के पास स्थित एक दुकान का है. यहां से शोरमा खाने वाले लोगों को कुछ घंटों बाद पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. कई मरीजों को बुखार और चक्कर भी आने लगे. शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य पेट की परेशानी समझा, लेकिन जब एक के बाद एक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी तो फूड पॉइजनिंग की आशंका सामने आई.
अगले दिन सुबह से शुरू हुई पेट में मरोड़
पीड़ित शेख इरफान जाफर हुसैन ने आईएएनएस को बताया कि उन्होंने परसों रात अंजुर पट्टी नाके से चिकन शोरमा खाया था. उनका बच्चा दुकान से शोरमा लेकर आया था, जिसे उन्होंने भी खाया. अगले दिन सुबह से ही उनके पेट में मरोड़ शुरू हो गई. दोपहर में न्यूज देखने पर उन्हें पता चला कि शोरमा खाने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ी है.
इरफान ने बताया कि उन्होंने शाम को एक निजी अस्पताल में इलाज कराया, लेकिन कोई राहत नहीं मिली. रात करीब 12 बजे उन्हें चक्कर आने लगे और बुखार भी हो गया. इसके बाद परिजन उन्हें आईजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे.
रात में शोरमा खाया, दोपहर में बिगड़ी तबीयत
एक अन्य मरीज के मुताबिक, उन्होंने रात करीब 9:30 से 10:30 बजे के बीच शोरमा खाया था. अगले दिन दोपहर 1 से 1:30 बजे के बीच उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. उन्हें लगातार दस्त, पेट में ऐंठन और उल्टी जैसा महसूस होने लगा. बाद में रात करीब 4 बजे उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. मरीज ने बताया कि शोरमा खाने के बाद बीमार हुए कई अन्य लोग भी अस्पताल में भर्ती हैं.
पहले निजी अस्पताल में कराया इलाज
एक मरीज की बहन नाजिया ने बताया कि उनके भाई को पहले पेट में तेज दर्द हुआ. इसके बाद उन्हें बुखार आया और फिर ब्लड प्रेशर भी कम हो गया. परिजन उन्हें पहले एक निजी अस्पताल लेकर गए थे, जहां से हालत को देखते हुए आईजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया.
फिलहाल सभी मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस घटना के बाद इलाके में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खुले में बिकने वाले खाने की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

