मुंबई.भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार, 25 नवंबर को जोरदार तेजी देखने को मिली. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,502 अंक की छलांग लगाकर 83,938 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी भी 470 अंक चढ़कर 25,819 पर पहुंच गया. बाजार में आई इस तेजी के साथ ही निवेशकों को बड़ी राहत मिली है. सेंसेक्स अब सालभर के दौरान हुई अपनी अधिकांश गिरावट की भरपाई करने के करीब पहुंच गया है.
कारोबार के दौरान फार्मा, आईटी, ऑटो, प्राइवेट बैंक और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों में जमकर खरीदारी हुई. हिंदुस्तान यूनिलीवर, ट्रेंट, इन्फोसिस, ICICI बैंक, इंडिगो, HDFC बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयरों में 6 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई. बाजार में चौतरफा खरीदारी से प्रमुख सूचकांकों को मजबूती मिली.
विदेशी निवेशकों ने नवंबर में लगाए रिकॉर्ड ₹1.32 लाख करोड़
शेयर बाजार की इस तेजी के पीछे विदेशी निवेशकों की बड़ी खरीदारी को अहम वजह माना जा रहा है. नवंबर महीने में अब तक विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्ड 1.32 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है. इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भी बाजार की धारणा को मजबूती मिली है.
सालभर की गिरावट की भरपाई के करीब पहुंचा बाजार
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल के शुरुआती नौ महीनों में सेंसेक्स में करीब 15 फीसदी तक गिरावट दर्ज की गई थी. हालांकि, इसके बाद बाजार में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिला. 8 नवंबर तक सेंसेक्स की गिरावट घटकर 4.9 फीसदी रह गई थी, जबकि 16 नवंबर को यह करीब 3.2 फीसदी तक सीमित हो गई.
अब 25 नवंबर को कारोबार बंद होने के बाद सेंसेक्स साल की शुरुआत के स्तर से महज 1.5 फीसदी नीचे रह गया है. इस तरह बाजार ने सालभर में आई अपनी अधिकांश गिरावट की भरपाई कर ली है. विदेशी निवेश में रिकॉर्ड बढ़ोतरी और कच्चे तेल की सस्ती कीमतों से बाजार में आगे भी सकारात्मक माहौल बनने की उम्मीद है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

