जबलपुर. एमपी के जबलपुर में घमापुर स्थित लालमाटी क्षेत्र में उस वक्त चीखपुकार मच गई जब तीन बदमाशों ने एक युवक को घेरकर धारदार हथियारों से से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. देर रात करीब 1 बजे हुई इस खौफनाक वारदात ने पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. हमले में बुरी तरह लहूलुहान युवक एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कांचघर चुंगी चौकी लालमाटी निवासी गोविंदा नाथवान उर्फ गोलू बीती रात करीब 1 बजे अपने घर से शक्तिनगर जाने के लिए निकला था. बताया जा रहा है कि जैसे ही वह किरण छपेल के घर के पास पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे सोनू छपेल, बेटू छपेल और किरण छपेल ने उसका रास्ता रोक लिया और अभद्र गाली-गलौज शुरू कर दी. जब गोविंदा ने इस गाली-गलौज का विरोध किया, तो तीनों आरोपी आगबबूला हो गए और हिंसक वारदात पर उतारू हो गए. आरोप है कि जान से मारने की नीयत से सोनू छपेल ने गोविंदा पर तलवार से लगातार वार किए, जबकि बेटू छपेल और किरण छपेल ने चाकुओं से उस पर टूट पड़े.
इस प्राणघातक और बर्बर हमले में गोविंदा के सिर, आंख, चेहरे, मुंह, पीठ और हाथ-पैर पर गहरे घाव आए हैं. घटनास्थल पर मचे शोर-शराबे और लोगों की आहट सुनकर तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए. सड़क पर खून से लथपथ हालत में पड़े गोविंदा ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और मोबाइल के जरिए अपने भाई हेमंत नाथवान को इस खौफनाक घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल गोविंदा को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल ले गए. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए परिजन उसे विजयनगर स्थित स्वास्तिक अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है. इस सनसनीखेज वारदात के बाद घमापुर पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1), 296(ए) और 3(5) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

