जबलपुर. रांझी थाना क्षेत्र के रावण पार्क इलाके में उधारी के महज 5 हजार रुपये वापस मांगना एक युवक के लिए काल बन गया. पैसे लौटाने के बजाय आरोपी ने न सिर्फ रकम देने से साफ इनकार किया, बल्कि उल्टा शराब पीने के लिए और पैसे मांगते हुए युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. इस खौफनाक वारदात में युवक के दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नानकनगर सांईधाम कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय क्रिश रजक जयंती कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल शॉप में काम करता है. करीब एक साल पहले रावण पार्क निवासी तिलक गुप्ता ने उससे 5 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसे वह महीनों से टालमटोल कर दबाए बैठा था.
बीती रात करीब 12 बजे आरोपी तिलक गुप्ता ने क्रिश को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा और उधारी की रकम चुकाने का झांसा देकर रावण पार्क स्थित अपने घर के पास बुलाया. अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने की उम्मीद में क्रिश रात 12 बजे बताए गए स्थान पर पहुंचा. वहां पहुंचते ही तिलक के तेवर बदल गए. उसने उधारी देने से मुकरते हुए क्रिश से शराब पीने के लिए और पैसे मांगने शुरू कर दिए.
जब क्रिश ने और पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी तिलक गुप्ता आपा खो बैठा. उसने पहले गाली-गलौज की और फिर अचानक चाकू निकालकर क्रिश पर टूट पड़ा. हमले के दौरान चाकू लगने से क्रिश के दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया. चीख-पुकार और हमले की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.
लहूलुहान हालत में पीड़ित क्रिश ने रांझी थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी तिलक गुप्ता के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 119(1) और 351(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

