गाय बांधने और फूल तोडऩे पर दो पक्षों के बीच टकराव, एक दूसरे के साथ जमकर की मारपीट

गाय बांधने और फूल तोडऩे पर दो पक्षों के बीच टकराव, एक दूसरे के साथ जमकर की मारपीट

प्रेषित समय :18:24:56 PM / Wed, Nov 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में सांई धाम कॉलोनी, नानक नगर मानेगांव में मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. गाय बांधने और फूल तोडऩे को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, 48 वर्षीय रवींद्र सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 9.30 बजे वह अपने घर के बाहर गाय बांध रहे थे. इसी दौरान आयुष शर्मा वहां पहुंचा और गोबर होने का हवाला देते हुए गाय बांधने से मना करते हुए गाली-गलौज करने लगा. विरोध करने पर अरविंद शर्मा भी वहां आ गया. आरोप है कि दोनों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर रवींद्र की पीठ में चोट पहुंचाई. इतना ही नहीं, अरविंद शर्मा ने किसी नुकीली चीज से हमला कर उनकी नाक भी जख्मी कर दी और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए. पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है.

वहीं, दूसरे पक्ष की 45 वर्षीय किरण शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सुबह करीब 9:30 बजे मनोज तिवारी के घर के बाहर लगे फूल तोडऩे गई थीं. तभी रवींद्र सिंह उर्फ टोनी घर से बाहर निकले, फूल तोडऩे से रोका और गाली-गलौज शुरू कर दी. मना करने पर रवींद्र ने कथित तौर पर डंडे से हमला कर उनके बाएं हाथ में चोट पहुंचा दी. जब आयुष और अरविंद शर्मा आते दिखे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला. पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में ले लिया है और घटना की सच्चाई का पता लगाया जा रहा है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-