जबलपुर. यात्रियों को बेहतर खानपान और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जबलपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को वाणिज्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया. वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने सहायक वाणिज्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर में संचालित खानपान इकाइयों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया. इस दौरान व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर संबंधित संचालकों को सुधार के निर्देश दिए गए.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न खानपान स्टॉलों पर उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई, सुविधाओं और यात्रियों को दी जा रही सेवाओं की जांच की. अधिकारियों ने इकाई संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करने और यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
प्लेटफार्म नंबर-6 के कटनी छोर पर लगी वाटर वेंडिंग मशीन की व्यवस्थाओं की भी जांच की गई. मशीन निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यशील नहीं पाए जाने पर अधिकारियों ने उसे तत्काल बंद करा दिया. वहीं, जन आहार गेट के पास रखे फ्रीजर को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों के आवागमन में बाधा न आए.
इस दौरान स्टेशन पर तैनात टिकट जांच कर्मियों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया गया. अधिकारियों ने कर्मचारियों को उचित गणवेश में रहने और ड्यूटी रोस्टर के अनुसार निर्धारित स्थान पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए. इससे यात्रियों को जरूरत पड़ने पर आसानी से सहायता मिल सकेगी और टिकट जांच व्यवस्था भी बेहतर होगी.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने अधिकारियों एवं खानपान इकाई संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों को स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण भोजन और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए. उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और यात्री सुविधाओं से जुड़े सभी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
रेलवे प्रशासन के अनुसार, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए स्टेशन परिसर में संचालित खानपान इकाइयों और अन्य यात्री सुविधाओं का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है. इसका उद्देश्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और यात्रियों की संतुष्टि सुनिश्चित करना है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

