असली-नकली किन्नरों के बीच फिर हुआ टकराव, जान बचाने को मौत के तालाब में कूदा युवक, विजय नगर क्षेत्र में घटना से सनसनी

असली-नकली किन्नरों के बीच फिर हुआ टकराव, जान बचाने को मौत के तालाब में कूदा युवक, विजय नगर क्षेत्र में घटना से सनसनी

प्रेषित समय :18:49:06 PM / Wed, Nov 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. जबलपुर के विजय नगर के समीप आदि प्लाजा के समीप आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब असली और कथित नकली किन्नरों के बीच क्षेत्राधिकार व वसूली को लेकर 'जंग' छिड़ गई. लार्डगंज थाना क्षेत्र स्थित आदि प्लाजा के सामने शुरू हुआ यह हाई-वोल्टेज ड्रामा देखते ही देखते खौफनाक मोड़ पर पहुंच गया. खुद को घिरता देख और पिटाई के डर से एक संदिग्ध युवक ने जान बचाने के लिए पास के गहरे तालाब में छलांग लगा दी. इस सनसनीखेज घटनाक्रम के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वसूली और इलाके में दखल को लेकर किन्नर समाज के गुटों में तीखी नोकझोंक शुरू हुई थी. विवाद इतना बढ़ा कि असली किन्नरों ने कथित नकली किन्नर बनकर घूम रहे युवक को दौड़ा लिया. खुद को बचाने की जद्दोजहद में युवक बदहवास होकर सीधे गहरे तालाब में कूद गया. पानी गहरा होने के कारण युवक करीब आधे घंटे तक बीच तालाब में फंसा रहा और अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करता रहा. तालाब किनारे खड़े लोगों की सांसें अटकी रहीं और हर तरफ शोर-शराबा मच गया. घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और विजयनगर थाना पुलिस की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची.

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस जवानों ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. समय रहते पुलिस की इस मुस्तैदी ने युवक को मौत के मुंह से बाहर खींच लिया, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था. हंगामे के बीच किन्नरों की ओर से यह सनसनीखेज दावा भी किया गया था कि तालाब में कूदे युवक के पास धारदार चाकू है और वह हमला करने की फिराक में था.

इस आरोप से मौके पर दहशत और बढ़ गई थी. लेकिन जब पुलिस ने युवक को बाहर निकालकर उसकी बारीकी से तलाशी ली, तो उसके पास से न तो कोई चाकू मिला और न ही कोई संदिग्ध वस्तु बरामद हुई. विजयनगर थाने के प्रधान आरक्षक राजेन्द्र रघुवंशी ने पुष्टि की है कि डायल-112 को सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर युवक का सफल रेस्क्यू किया. फिलहाल पुलिस पूरे विवाद के कारणों और युवक की भूमिका की गहन जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-