झुंझुनूं. राजस्थान की जिला राजनीति में युवा नेतृत्व की नई तस्वीर सामने आई है. झुंझुनूं में महज 22 साल की कोमल भंवरिया जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं. कांग्रेस ने आखिरी वक्त पर उनके नाम पर दांव लगाकर राजनीतिक समीकरण बदल दिए और कोमल ने जीत दर्ज कर पार्टी के भरोसे को सही साबित किया. वह जिले की सबसे युवा जिला प्रमुख बनी हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने सांसद बृजेंद्र ओला के कम उम्र में जिला प्रमुख बनने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.
उदयपुरवाटी क्षेत्र से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित कोमल भंवरिया को कांग्रेस ने जिला प्रमुख पद का उम्मीदवार बनाया था. उनके चयन को पार्टी की ओर से युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने के राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है.
कांग्रेस ने आखिरी वक्त पर बदला प्रत्याशी, 22 साल की कोमल पर लगाया दांव
जिला प्रमुख चुनाव से पहले कांग्रेस में कई नेताओं के नाम को लेकर चर्चा चल रही थी. तीन बार प्रधान रह चुकीं सुशीला सीगड़ा को मजबूत दावेदार माना जा रहा था. इसके अलावा युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुधींद्र मूंड की पत्नी और बिशनपुरा सरपंच कुरड़ाराम धींवा की बेटी डॉ. रंजना धींवा का नाम भी चर्चा में था.
प्रवेश जानूं और कविता खीचड़ सहित कई अन्य नामों को लेकर भी राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही थीं. लेकिन बुधवार सुबह कांग्रेस ने अचानक 22 वर्षीय कोमल भंवरिया के नाम का ऐलान कर सभी को चौंका दिया. पार्टी के इस फैसले ने चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया.
संख्या बल कांग्रेस के पक्ष में, फिर भी हुई क्रॉस वोटिंग
जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस के पास संख्या बल मजबूत था. पार्टी के चुनाव चिह्न पर 29 जिला परिषद सदस्य जीतकर आए थे. इसके अलावा एक निर्दलीय सदस्य भी कांग्रेस खेमे के समर्थन में मतदान करने पहुंची. इस तरह कांग्रेस को कुल 30 सदस्यों का समर्थन मिलने की उम्मीद थी.
सभी 30 सदस्य एक साथ मतदान के लिए पहुंचे, लेकिन मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी को केवल 28 वोट मिले. इससे कांग्रेस खेमे में दो वोटों के क्रॉस होने की बात सामने आई.
भाजपा ने भी संख्या से एक वोट ज्यादा हासिल किया
दूसरी ओर, भाजपा के 11 जिला परिषद सदस्य चुनाव जीतकर आए थे और सभी मतदान के लिए एक साथ पहुंचे. इसके बावजूद भाजपा प्रत्याशी, निवर्तमान जिला प्रमुख और भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरि को 12 वोट मिले.
भाजपा को अपने निर्धारित संख्या बल से एक वोट अधिक मिलना और कांग्रेस को अपेक्षित 30 के बजाय 28 वोट मिलना जिला परिषद के भीतर राजनीतिक सेंधमारी के संकेत दे रहा है. हालांकि, भाजपा कांग्रेस के बहुमत को पूरी तरह प्रभावित नहीं कर सकी.
एक मतपत्र निरस्त होने से भी चर्चाएं तेज
मतगणना के दौरान एक मतपत्र निरस्त कर दिया गया. इस मतपत्र पर दोनों प्रत्याशियों के सामने मुहर लगी हुई थी. इसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई कि किसी सदस्य ने संभवतः जानबूझकर अपना वोट निरस्त किया होगा. हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि ऐसा किस सदस्य ने और किस रणनीति के तहत किया.
जीत के बाद सांसद बृजेंद्र ओला से लिया आशीर्वाद
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कोमल भंवरिया को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया और पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. उनकी जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला.
इसके बाद नवनिर्वाचित जिला प्रमुख कोमल भंवरिया मान नगर स्थित सांसद बृजेंद्र ओला के कार्यालय पहुंचीं और उनसे आशीर्वाद लिया.
सांसद बृजेंद्र ओला ने कहा कि वह खुद भी कम उम्र में जिला प्रमुख बने थे, लेकिन कोमल ने उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी मिलकर जिले में ग्रामीण विकास के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे. इस दौरान सभापति अब्दुला अगवान सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
अब उप जिला प्रमुख के चुनाव पर नजर
जिला प्रमुख का चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस ने अब उप जिला प्रमुख पद के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं. गुरुवार को होने वाले चुनाव में भाजपा संख्या बल के लिहाज से कमजोर दिखाई दे रही है, लेकिन पार्टी अपना प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है.
कांग्रेस के सामने उप जिला प्रमुख के उम्मीदवार का चयन चुनौतीपूर्ण हो सकता है. जिला प्रमुख पद उदयपुरवाटी क्षेत्र की 22 वर्षीय कोमल भंवरिया को दिए जाने के बाद पार्टी को जातीय और क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखना होगा.
राजनीतिक समीकरणों के अनुसार, उप जिला प्रमुख का पद उदयपुरवाटी क्षेत्र के बाहर और जाट समुदाय से अलग किसी दावेदार को दिए जाने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, कांग्रेस अंतिम समय तक अपने प्रत्याशी के नाम को गोपनीय रख सकती है.
कोमल भंवरिया की जीत ने झुंझुनूं की राजनीति में युवा नेतृत्व को नई पहचान दी है, लेकिन कांग्रेस के दो वोटों का खिसकना और भाजपा को अतिरिक्त वोट मिलना यह संकेत दे रहा है कि जिला परिषद के भीतर राजनीतिक खींचतान अभी जारी है. अब उप जिला प्रमुख के चुनाव में दोनों दलों की रणनीति पर सबकी नजर रहेगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

