लखनऊ. समाजवादी पार्टी ने आगामी चुनावों को देखते हुए युवाओं, महिलाओं, किसानों और कर्मचारियों को साधने के लिए बड़े चुनावी वादों के साथ अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को लखनऊ में आयोजित जनसभा के दौरान 'जन-मन का मैनिफेस्टो' और 'पीडीए का प्रणपत्र' नाम से घोषणापत्र जारी किया. इसमें युवाओं को रोजगार, बेरोजगारी भत्ता, किसानों की कर्जमाफी और ग्रामीण क्षेत्रों में मुफ्त बिजली जैसे कई वादे शामिल किए गए हैं.
युवाओं को नौकरी और हर महीने 5 हजार बेरोजगारी भत्ता
समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र में 25 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया है. इसके अलावा बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा की गई है. पार्टी ने शिक्षा मित्रों को नियमित शिक्षकों के समान वेतन देने का भी वादा किया है.
सपा का दावा है कि उसकी सरकार बनने पर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी.
गांवों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली और किसानों की कर्जमाफी
घोषणापत्र में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने और किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया गया है. इसके साथ ही गन्ना किसानों को भुगतान 24 घंटे के भीतर किए जाने की घोषणा भी शामिल है.
पार्टी ने किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, कृषि क्षेत्र में राहत देने और ग्रामीण परिवारों पर बिजली खर्च का बोझ कम करने का लक्ष्य रखा है.
महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा
समाजवादी पार्टी महिलाओं के लिए सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने और स्त्री समृद्धि योजना लागू करने का वादा पहले भी कर चुकी है. इसके अलावा पार्टी ने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर स्थायी नियुक्तियां करने और भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण का पूरा लाभ देने जैसे वादे भी किए हैं.
आजम खान ने जेल के अनुभव का किया जिक्र
घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में सपा सरकार के पूर्व मंत्री आजम खान ने भी संबोधित किया. उन्होंने अपने जेल के अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय उन्हें और उनके बेटे को एनकाउंटर की आशंका थी. दोनों को अलग-अलग गाड़ियों में ले जाया गया था.
आजम खान ने जेल में बिताए समय को बेहद कठिन बताते हुए कहा कि वहां उनके साथ अंग्रेजों से भी बदतर व्यवहार किया गया. उन्होंने खुद को वोट कटवाने वाला नहीं, बल्कि वोट जुड़वाने वाला बताते हुए अखिलेश यादव के साथ अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता जाहिर की.
पुराने चुनावी वादों को भी दोहराया
समाजवादी पार्टी ने अपने पिछले घोषणापत्रों में किए गए वादों को भी दोहराया है. वर्ष 2022 के चुनाव में पार्टी ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों की कर्जमाफी और लैपटॉप वितरण जैसे वादे किए थे.
नए घोषणापत्र के जरिए सपा ने रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, किसानों की आर्थिक मदद और महिलाओं के सशक्तिकरण को चुनावी एजेंडे में प्रमुखता दी है. अब इन घोषणाओं को लेकर राजनीतिक दलों के बीच चुनावी मुकाबला और तेज होने की संभावना है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

