दो सगे भाइयों पर पत्नियों की हत्या का आरोप, जंगल में दफनाए शव; पुलिस ने कब्र खोदकर निकाले दोनों शव

दो सगे भाइयों पर पत्नियों की हत्या का आरोप, जंगल में दफनाए शव; पुलिस ने कब्र खोदकर निकाले दोनों शव

प्रेषित समय :19:44:06 PM / Thu, Nov 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

गुमला. झारखंड के गुमला में दो महिलाओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि दोनों महिलाओं के पतियों ने उनकी हत्या कर शवों को सिमडेगा जिले के बीरू जंगल में दफना दिया. दोनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं. बुधवार को गुमला और सिमडेगा पुलिस की संयुक्त टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जंगल में खुदाई कर दोनों महिलाओं के शव बरामद किए. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

मृतक महिलाएं कौन थीं, आरोपी सगे भाई

मृत महिलाओं की पहचान गुमला के विंध्याचल नगर नदी टोली निवासी 28 वर्षीय मिनी प्रिया और 20 वर्षीय राधिका कुमारी के रूप में हुई है. मिनी प्रिया की शादी शिव शंकर साहू से हुई थी, जबकि राधिका कुमारी का पति नवीन साहू है. दोनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं.

पुलिस के अनुसार, दोनों दंपतियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. घरेलू विवाद के कारण परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था.

समझौते के बाद पत्नियों को लेकर घर लौटे थे भाई

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को दोनों दंपतियों के बीच कुछ लोगों की मौजूदगी में समझौता कराया गया था. इसके बाद दोनों भाई अपनी-अपनी पत्नियों को लेकर घर लौट गए थे.

सोमवार सुबह करीब 9 बजे परिजनों की दोनों महिलाओं से फोन पर बातचीत हुई थी, लेकिन इसके बाद उनका संपर्क टूट गया. परिजनों ने महिलाओं की तलाश की, मगर उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी.

बच्चों के साथ थाने पहुंचे और दर्ज कराई गुमशुदगी

मंगलवार को दोनों भाई अपने बच्चों के साथ गुमला थाने पहुंचे और अपनी पत्नियों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई. हालांकि, पुलिस को दोनों भाइयों की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उनसे पूछताछ शुरू की गई.

पूछताछ के दौरान शिव शंकर ने कथित तौर पर दोनों महिलाओं की हत्या करने और शवों को एंबुलेंस से जंगल ले जाकर दफनाने की बात बताई. इसके बाद पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एंबुलेंस भी जब्त कर ली.

बीरू जंगल में दफन मिले दोनों शव

बुधवार को पुलिस दोनों आरोपियों की निशानदेही पर सिमडेगा जिले के बीरू जंगल पहुंची. यहां जमीन में दफन दोनों महिलाओं के शवों को मजिस्ट्रेट दीपक कुमार की मौजूदगी में बाहर निकाला गया.

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया गया है. सिमडेगा के एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है. पुलिस हत्या के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

झारखंड में हाल ही में सामने आया था एक और डबल मर्डर

झारखंड में हाल ही में दोहरे हत्याकांड की एक और घटना सामने आई थी. उस मामले में एक महिला को जबरन हासिल करने की कोशिश नाकाम होने के बाद आरोपी ने ससुर और बहू की टांगी से हमला कर हत्या कर दी थी. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने राज्य में अपराध को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-