जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गोसलपुर थाना क्षेत्र स्थित बर्ने नदी के किनारे चल रहे कच्ची शराब बनाने के अड्डे पर संयुक्त पुलिस टीम ने अचानक दबिश देकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. इस कार्रवाई में अवैध शराब बनाने में लिप्त दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से 10 लीटर कच्ची शराब जब्त कर ड्रमों में भरा लगभग 2000 लीटर लाहन नष्ट किया गया है.
पुलिस को खबर मिली कि बर्ने नदी के किनारे अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार की जा रही है. सूचना मिलते ही एसडीओपी सिहोरा सुश्री मोहंती मरावी के नेतृत्व में गोसलपुर थाना प्रभारी श्रीमति भावना तिवारी और मझगवां थाना प्रभारी शंकर लाल ठाकुर ने संयुक्त टीम के साथ मौके की ओर रुख किया. पुलिस टीम ने बर्ने नदी के किनारे दबिश दी, जहां दो व्यक्ति अवैध रूप से शराब बनाते हुए दिखाई दिए. पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश करने से पहले टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया.
2000 लीटर लाहन और शराब बनाने का सामान नष्ट
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम जवाहर सिंह गौड़ (उम्र 44 वर्ष, निवासी पिपरसरा) और दीपक सिंह गौड़ (उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम मडई) बताए. तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास 1-1 कुप्पी में 5-5 लीटर यानी कुल 10 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई. मौके पर भट्टी सुलगती हुई मिली, जिस पर शराब तैयार की जा रही थी, और आसपास लाहन से भरे कई ड्रम रखे हुए थे. पुलिस टीम ने मौके पर ही ड्रमों में भरा लगभग 2000 लीटर लाहन नष्ट कर दिया. इसके साथ ही अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल की जा रही भट्टी, गंज और अन्य बर्तनों को भी मौके पर नष्ट किया गया. जब्त की गई 10 लीटर कच्ची शराब के मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है.
संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका-
इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी सिहोरा सुश्री मोहंती मरावी के मार्गदर्शन में गोसलपुर थाना प्रभारी श्रीमति भावना तिवारी, मझगवां थाना प्रभारी श्री शंकर लाल ठाकुर, गोसलपुर थाने के प्रधान आरक्षक बनवारी सिंह, आरक्षक जितेन्द्र तथा मझगवां थाने के सहायक उप निरीक्षक विजय सिंह और आरक्षक प्रदीप पटेल की भूमिका उल्लेखनीय रही. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

