व्यापारी के पेट पर चाकू अड़ाकर लूट, बिना नंबर की स्कूटी से फरार हुए बदमाश!

व्यापारी के पेट पर चाकू अड़ाकर लूट, बिना नंबर की स्कूटी से फरार हुए बदमाश!

प्रेषित समय :18:54:58 PM / Thu, Nov 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर.शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब व्यस्ततम इलाकों में भी आम नागरिक सुरक्षित नहीं हैं. रेलवे स्टेशन के बेहद करीब इंद्रा मार्केट पुल नंबर-1 के पास दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बदमाशों ने नरसिंहपुर के एक युवा किराना व्यापारी को अपना निशाना बनाते हुए चाकू की नोक पर मोबाइल और नकदी लूट ली और फिल्मी अंदाज में फरार हो गए.

नरसिंहपुर के स्टेशनगंज स्थित सिंधी कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय व्यापारी अजय चावला किसी काम से जबलपुर आए थे. वे मोबाइल पर बात करते हुए पैदल रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे. तभी पीछे से काले रंग की बिना नंबर वाली स्कूटी पर सवार होकर तीन युवक आए और अचानक रास्ता रोक लिया. इससे पहले कि अजय कुछ समझ पाते, करीब 19 वर्षीय एक लंबे बालों वाले बदमाश ने उनके पेट पर धारदार चाकू अड़ा दिया. जान से मारने की धमकी देते हुए लुटेरों ने अजय के हाथ से रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन और पैंट की पिछली जेब में रखे एक हजार रुपये नकद झपट लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी सदर की ओर तेजी से फरार हो गए. पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर इन शातिर लुटेरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-