मुंबई. महाराष्ट्र के वरिष्ठ राजनेता और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 85 वर्षीय शरद पवार को शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) की शिकायत हुई है. उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद समर्थकों और राजनीतिक नेताओं में चिंता बढ़ गई है.
उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के जरिए स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा करते हुए बताया कि डिहाइड्रेशन के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है. उन्होंने शरद पवार के लगातार काम में व्यस्त रहने का जिक्र करते हुए कहा कि अब उन्हें काम की भागदौड़ कम करके आराम करने की जरूरत है.
सुप्रिया सुले ने स्वास्थ्य को लेकर दी जानकारी
सुप्रिया सुले ने अपने संदेश में पिता के स्वास्थ्य को लेकर अपडेट साझा किया और शुभकामनाएं देने वाले सभी लोगों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि शरद पवार काम के प्रति बेहद समर्पित हैं और अक्सर आराम करने की सलाह के बावजूद लगातार सक्रिय रहते हैं. ऐसे में उन्हें फिलहाल पर्याप्त आराम करना जरूरी है.
बैठक छोड़कर अस्पताल पहुंचीं सुप्रिया सुले
जानकारी के अनुसार, शरद पवार की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के समय सुप्रिया सुले नरीमन पॉइंट स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक में शामिल थीं. प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे की ओर से बुलाई गई बैठक के बीच पिता के स्वास्थ्य की खबर मिलते ही वह वहां से निकलकर सीधे ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचीं.
पहले भी सांस संबंधी संक्रमण का हो चुका है इलाज
शरद पवार उम्र के 85वें वर्ष में भी राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं. इससे पहले भी उन्हें सीने और सांस की नली में संक्रमण की शिकायत के बाद अस्पताल में इलाज कराना पड़ा था. लगातार सक्रिय रहने के बीच उनकी तबीयत बिगड़ने से समर्थकों में चिंता है.
फिलहाल उनके स्वास्थ्य को लेकर परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अस्पताल में उनका उपचार जारी है और उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

