जबलपुर. मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा विभाग ने बिजली कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों और पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन, जबलपुर के साथ बैठक आयोजित की. बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह तथा सचिव ऊर्जा एवं सीएमडी पावर मैनेजमेंट कंपनी विशेष गढ़पाले के समक्ष फेडरेशन के महामंत्री राकेश डी पी पाठक व प्रतिनिधिमंडल ने मांग पत्र रखा.
प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह ने कहा कि प्रदेश में सर्वाधिक 20 हजार मेगावाट की सतत् बिजली आपूर्ति के साथ उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली देना प्राथमिकता है. साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि विभाग कर्मचारियों और पेंशनर्स के प्रति संवेदनशील है तथा फेडरेशन के सुझावों व मांगों पर नियमानुसार सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी. बैठक में स्पष्ट किया गया कि बिजली कंपनियों से आउटसोर्स कर्मचारियों को नहीं निकाला जा रहा है.फेडरेशन की ओर से संविदा कर्मियों के नियमितीकरण, आउटसोर्स कर्मियों को न हटाने और नई भर्तियों में 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की गई.
संविदा पर नियुक्त अनुकंपा आश्रितों को नियमित नियुक्ति में एक बार सीपीसीटी (CPCT) की छूट देने तथा वर्ष 2000 से 2012 के बीच सामान्य मृत्यु वाले कर्मियों के आश्रितों को नियमित अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने का आग्रह भी किया गया. इसके अतिरिक्त कार्यालय सहायकों की 2018 के बाद की वेतन विसंगति दूर करने, नियुक्ति दिनांक से पूरा वेतन देने, तकनीकी आउटसोर्स कर्मियों के बीमा व दुर्घटना सहायता बढ़ाने, जोखिम भत्ता व अन्य भत्ते देने, गृह जिला स्थानांतरण नीति बनाने, कनिष्ठ अभियंता भर्ती में पद आरक्षित करने, पेंशन की राज्य सरकार गारंटी, कैशलेस बीमा में अच्छे अस्पताल जोड़ने तथा पूर्व की भांति बिजली बिल में 50 प्रतिशत छूट देने जैसी मांगें प्रमुखता से रखी गईं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

