सेंसेक्स 989 अंक टूटा, निफ्टी में 277 अंकों की गिरावट: कच्चे तेल की तेजी और ब्याज दरों की चिंता से बाजार में बिकवाली

सेंसेक्स 989 अंक टूटा, निफ्टी में 277 अंकों की गिरावट: कच्चे तेल की तेजी और ब्याज दरों की चिंता से बाजार में बिकवाली

प्रेषित समय :16:55:08 PM / Fri, Nov 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई. सेंसेक्स 989 अंक (1.17%) टूटकर 83,339 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 277 अंक गिरकर 25,607 के स्तर पर आ गया. बाजार पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता और IT शेयरों में भारी बिकवाली का दबाव रहा. हालांकि, मेटल शेयरों में खरीदारी देखने को मिली.

बाजार में गिरावट के चलते BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप घटकर 513 लाख करोड़ रुपए रह गया. इससे पिछले कारोबारी सत्र में यह 514 लाख करोड़ रुपए था.

बाजार में गिरावट की 3 बड़ी वजहें

1. भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर अनिश्चितता: दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर स्पष्टता नहीं होने और अमेरिकी टैरिफ की आशंकाओं ने निवेशकों का भरोसा कमजोर किया. इसका असर खासतौर पर IT सेक्टर पर दिखा, जहां शेयरों में बिकवाली से बाजार पर दबाव बढ़ा.

2. कच्चे तेल की कीमतों में तेजी: ब्रेंट क्रूड 0.56% बढ़कर 97 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से भारत का आयात बिल और महंगाई बढ़ने की आशंका रहती है. इससे शेयर बाजार का सेंटीमेंट प्रभावित हुआ.

3. फेड और RBI के ब्याज दर संबंधी फैसलों की चिंता: दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व और RBI की मौद्रिक नीति से पहले निवेशक सतर्क नजर आए. ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता के कारण बाजार में खरीदारी का उत्साह कमजोर रहा.

महानदी कोलफील्ड्स के शेयर डिस्काउंट पर लिस्ट

कोल इंडिया की इकाई महानदी कोलफील्ड्स के शेयर शुक्रवार को डिस्काउंट पर लिस्ट हुए. BSE पर शेयर 2.10% की गिरावट के साथ 133.15 रुपए पर और NSE पर 1.47% की गिरावट के साथ 134 रुपए पर सूचीबद्ध हुए.

कंपनी के IPO का प्राइस बैंड 129 से 136 रुपए प्रति शेयर तय किया गया था. 19 से 23 नवंबर तक खुले इस IPO को कुल 1.52 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-