जबलपुर. मध्यप्रदेश में नीट पीजी 2026-27 की रुकी हुई काउंसलिंग का रास्ता साफ हो गया है. हाईकोर्ट ने ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में सेवा देने वाले सरकारी डॉक्टरों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए सेवारत चिकित्सकों के लिए 30 प्रतिशत सीटों के अलग कोटे और अतिरिक्त अंकों की व्यवस्था को वैध ठहराया है. मुख्य न्यायाधीश अल्पेश वाई. कोग्जे और न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने 26 नवंबर 2026 को डॉक्टर सर्वजीत सिंह एवं एक अन्य की याचिका खारिज कर दी. कोर्ट के फैसले से अब पात्र सरकारी डॉक्टर अतिरिक्त अंकों के आधार पर ओपन कैटेगरी की सीटों के लिए भी प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे.
फ्रेश अभ्यर्थियों ने उठाए थे अतिरिक्त अंकों पर सवाल
मामले में याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई थी कि मध्यप्रदेश चिकित्सा शिक्षा प्रवेश नियम 2018 के नियम 14 के तहत सेवारत डॉक्टरों को पहले ही 30 प्रतिशत सीटों का अलग कोटा दिया गया है. इसके अलावा ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में सेवा के आधार पर 10, 20 और 30 प्रतिशत तक अतिरिक्त अंक भी मिलते हैं.
याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि इन अतिरिक्त अंकों का लाभ केवल आरक्षित सीटों की मेरिट तैयार करने में मिलना चाहिए. सामान्य मेरिट सूची में शामिल होकर ओपन कैटेगरी की सीटों पर दावा करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए.
वहीं, राज्य सरकार ने इसका विरोध करते हुए कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में डॉक्टरों की तैनाती करना चुनौतीपूर्ण है. ऐसे क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों को प्रोत्साहित करना जरूरी है. सरकार के मुताबिक, 30 प्रतिशत सीटों का कोटा और अतिरिक्त अंकों का प्रावधान दो अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं.
एक, दो और तीन साल की सेवा पर मिलते हैं अतिरिक्त अंक
हाईकोर्ट ने अपने फैसले में मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के पीजी मेडिकल एजुकेशन रेगुलेशन 2000 के विनियम 9(4) और राज्य के प्रवेश नियमों की व्याख्या की.
कोर्ट के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवा की अवधि के आधार पर नीट पीजी के प्राप्त अंकों में अतिरिक्त वेटेज दिया जाता है.
-
एक साल की सेवा पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त अंक.
-
दो साल की सेवा पर 20 प्रतिशत अतिरिक्त अंक.
-
तीन साल या उससे अधिक की सेवा पर अधिकतम 30 प्रतिशत अतिरिक्त अंक.
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया- दोनों व्यवस्थाएं अलग-अलग
अदालत ने कहा कि नियम 14(1) और 14(5) में ऐसा कोई प्रतिबंध नहीं है, जिसके तहत अतिरिक्त अंक पाने वाले सेवारत डॉक्टरों को ओपन कैटेगरी की सीटों के लिए प्रतिस्पर्धा करने से रोका जा सके. कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि अतिरिक्त अंक पाने वाला प्रत्येक डॉक्टर अनिवार्य रूप से 30 प्रतिशत आरक्षित कोटे का पात्र हो, ऐसा जरूरी नहीं है.
अपने फैसले में हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ के वर्ष 2021 के तमिलनाडु मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन बनाम भारत संघ मामले में दिए गए फैसले का भी उल्लेख किया.
अब दोबारा शुरू हो सकेगी नीट पीजी काउंसलिंग
हाईकोर्ट के इस फैसले से मध्यप्रदेश में नीट पीजी 2026-27 की दाखिला प्रक्रिया को लेकर बना कानूनी गतिरोध समाप्त होने का रास्ता साफ हो गया है. अब रुकी हुई काउंसलिंग आगे बढ़ सकेगी. फैसले से उन सरकारी डॉक्टरों को राहत मिली है, जिन्होंने ग्रामीण, आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं दी हैं और पीजी दाखिले में अतिरिक्त अंकों का लाभ पाने के पात्र हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

