बठिंडा.पंजाब के बठिंडा में सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर बठिंडा कैंट के संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों की रेकी करने और उनकी गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स तक पहुंचाने का आरोप है. उसकी पहचान फिरोजपुर जिले के गांव जखरावां निवासी सतनाम सिंह उर्फ सत्तू के रूप में हुई है.
कार्रवाई काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा, मिलिट्री इंटेलिजेंस यूनिट (साउथ वेस्टर्न कमांड) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने की. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था. उनके निर्देश पर वह सैन्य ठिकानों की लोकेशन, गतिविधियों और अन्य संवेदनशील जानकारियां जुटा रहा था. एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि उसने कितने सैन्य प्रतिष्ठानों की रेकी की और सूचनाएं पाकिस्तान तक पहुंचाने के लिए किन माध्यमों का इस्तेमाल किया.
तीन आपराधिक मामलों में भी आरोपी का नाम
जांच में सतनाम सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. उसके खिलाफ फिरोजपुर जिले में पहले से तीन मामले दर्ज हैं. इनमें वर्ष 2022 में थाना सदर फिरोजपुर में दर्ज प्रकरण, वर्ष 2026 का आर्म्स एक्ट का मामला और थाना आरिफ के क्षेत्र में 6.25 किलोग्राम हेरोइन बरामदगी से जुड़ा एनडीपीएस एक्ट का मामला शामिल है. आर्म्स एक्ट के प्रकरण में ड्रोन और कारतूसों की बरामदगी का पहलू भी सामने आया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी इन मामलों में भी वांछित था.
बीएनएस और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट में केस दर्ज
आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइंस बठिंडा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 113(3), 152 और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच एजेंसियां उसके पाकिस्तानी संपर्कों, कथित जासूसी गतिविधियों और पुराने आपराधिक मामलों के बीच संबंधों की पड़ताल कर रही हैं.
नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटीं एजेंसियां
सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी अकेले जासूसी कर रहा था या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है. उसके मोबाइल फोन, संचार माध्यमों, संपर्कों और जुटाई गई गोपनीय जानकारियों की जांच की जा रही है. एजेंसियों को आशंका है कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं. जांच आगे बढ़ने के साथ जासूसी नेटवर्क और उसके पाकिस्तानी संपर्कों को लेकर और खुलासे हो सकते हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

