जबलपुर. शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 34 हजार 300 रुपये कीमत के 4 हजार नशीले इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार जब्त की गई है. पकड़ा गया एक आरोपी पहले भी एनएसए में की कार्रवाई झेल चुका है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्राइम ब्रांच को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार क्रमांक एमपी 20 सीडी 7249 में नशीले इंजेक्शन खपाने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं. दोनों भारत पेट्रोल पम्प के पीछे, गोयल टीमटी गेट के सामने संदिग्ध अवस्था में मौजूद हैं. सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और कार सवार दोनों लोगों को घेराबंदी कर पकड़ लिया. पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम जयंत राय 36 वर्ष और पीछे बैठे युवक ने अमित पैगवार 41 वर्ष बताया. दोनों तुलसी मोहल्ला, बाई का बगीचा, बेलबाग के रहने वाले हैं.
कार की तलाशी के दौरान पीले रंग के चार थैलों में रखे कार्टून बॉक्स और डिब्बों से 2 हजार शीशी एविल (10 एमएल) तथा 2 हजार ब्यूप्रेनोर्फिन (टेलजेसिक 2 एमएल) इंजेक्शन बरामद हुए. सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूला कि वे यह खेप उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लेकर आए थे और शहर में नशेडिय़ों को फुटकर में बेचने की फिराक में थे. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इस आरोपी का अपराधिक रिकार्ड है-
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक जयंत राय आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ ड्रग एक्ट और मारपीट के 10 मामले दर्ज हैं और पूर्व में उस पर एनएसए की कार्रवाई भी हो चुकी है. वहीं अमित पैगवार पर भी ड्रग एक्ट सहित दो अपराध दर्ज हैं. इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी, क्राइम ब्रांच और उखरी चौकी टीम की अहम भूमिका रही.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

