दीनदयाल चौक पर पुरानी रंजिश में ऑटो चालक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

दीनदयाल चौक पर पुरानी रंजिश में ऑटो चालक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

प्रेषित समय :15:50:00 PM / Sat, Nov 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. माढ़ोताल थाना क्षेत्र के दीनदयाल चौक के पास दिनदहाड़े हुए खूनी हमले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. पुरानी रंजिश का बदला लेने के इरादे से आए दो बदमाशों ने सवारी के इंतजार में खड़े एक ऑटो चालक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए. व्यस्त चौक के समीप हुई इस दुस्साहसिक वारदात से आसपास के लोगों और राहगीरों में दहशत का माहौल है.

पुलिस के मुताबिक, राजीव गांधी नगर गली नंबर 3 निवासी 24 वर्षीय मोनू अहिरवार सवारी ऑटो चलाकर अपनी आजीविका चलाता है. सुबह करीब 9 बजे मोनू अपने परिचित पंकज अहिरवार के साथ दीनदयाल चौक स्थित कलारी के सामने ऑटो खड़ा कर बैठा था. दोनों सवारी मिलने की आस में थे, तभी अचानक शिवा विश्वकर्मा और सौरभ कोल वहां आ पहुंचे. आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर मोनू के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी.

जब मोनू ने गाली देने से रोका और विरोध किया, तो विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि सौरभ कोल ने गुस्से में आकर किसी नुकीली चीज से मोनू की छाती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी छाती में गंभीर चोट आई. इसी दौरान दूसरे आरोपी शिवा विश्वकर्मा ने भी हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे मोनू के हाथ और पैरों में चोटें आईं.

हमलावरों का दुस्साहस यहीं नहीं थमा. वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने मोनू को जान से मारने की खुली धमकी दी और मौके से भाग निकले. घटना की रात पीड़ित मोनू ने माढ़ोताल थाने पहुंचकर पूरी घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 115(2), 118(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-