जबलपुर में 8.68 करोड़ का हाई-टेक जीएसटी और आईटीसी घोटाला बेनकाब, ईओडब्ल्यू ने कसा शिकंजा

जबलपुर में 8.68 करोड़ का हाई-टेक जीएसटी और आईटीसी घोटाला बेनकाब, ईओडब्ल्यू ने कसा शिकंजा

प्रेषित समय :18:14:42 PM / Sat, Nov 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. जबलपुर में करोड़ों रुपए की आर्थिक धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े का एक बड़ा मामला सामने आया है. विश्वास जीतकर पहले कंप्यूटरों का डेटा उड़ाया गया, मोबाइल पर आने वाले ओटीपी हासिल किए गए और फिर बिना किसी वास्तविक लेनदेन के करोड़ों रुपए का इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) तथा फर्जी टर्नओवर दूसरी फर्मों में ट्रांसफर कर दिया गया. आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर इकाई की जांच में करीब 8 करोड़ 68 लाख रुपए से अधिक के इस बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा खेल मार्च 2022 से दिसंबर 2025 के बीच रचा गया. मामले में महादेव फार्मा (शास्त्री ब्रिज, जबलपुर) के प्रोपराइटर दीपांशू दीक्षित सहित अन्य आवेदकों की शिकायत पर ईओडब्ल्यू जबलपुर इकाई के उप पुलिस अधीक्षक स्वर्ण जीत सिंह धामी ने जांच की. जांच के दौरान स्टेट टैक्स (जीएसटी) विभाग, जबलपुर से मिली जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया गया, जिसमें बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं और फर्जीवाड़ा प्रमाणित हुआ.

स्क्रीन-शेयरिंग और ओटीपी के जरिए सेंधमारी ईओडब्ल्यू की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले आवेदकों का भरोसा जीता. इसके बाद आरोपियों ने स्क्रीन-शेयरिंग सॉफ्टवेयर के जरिए आवेदकों के कंप्यूटरों से MARG सॉफ्टवेयर का डेटा अनधिकृत रूप से अपने कंप्यूटरों में ले लिया. इतना ही नहीं, जीएसटी रिटर्न फाइलिंग का हवाला देकर आवेदकों के मोबाइल नंबरों पर आने वाले ओटीपी भी प्राप्त कर लिए गए, जिससे आरोपियों को सिस्टम और खातों तक पहुंच बनाने में आसानी मिली.

बिना माल की खरीद-बिक्री के करोड़ों का खेल जांच के मुताबिक, मार्च 2022 से दिसंबर 2025 के बीच आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत बिना किसी वास्तविक माल की खरीदी-बिक्री या व्यावसायिक लेनदेन के फर्म के बिलों और इलेक्ट्रॉनिक डेटा में अवैध फेरबदल किया. आरोपियों ने आवेदकों की फर्मों के इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के आंकड़ों और फर्जी टर्नओवर को अपनी तथा अपने परिजनों के स्वामित्व वाली फर्मों में फर्जी तरीके से हस्तांतरित कर लिया. इस पूरे खेल से आरोपियों ने अवैध आर्थिक लाभ कमाया और आवेदकों को ₹8,68,30,286/- की भारी आर्थिक क्षति पहुंचाई.

इन फर्मों और व्यक्तियों के नाम आए सामने उपलब्ध विवरण के अनुसार, इस प्रकरण में मेसर्स यूनिक ट्रेड एंड कंपनी के प्रोपराइटर आशीष कोटवानी (पिता अशोक कोटवानी, निवासी प्लॉट नंबर-40, स्कीम नंबर-41, स्वामी विवेकानंद वार्ड, एकता चौक, विजय नगर, जबलपुर), निखिल एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर निखिल कोटवानी (पिता अशोक कोटवानी, विजय नगर, जबलपुर), मधुश्री मेटल के प्रोपराइटर अशोक कोटवानी (पिता चैईथराम कोटवानी), महाकाल मेटल की प्रोपराइटर श्रीमती जसमीत कोटवानी (पत्नी आशीष कोटवानी, निवासी प्लॉट नंबर-40, स्कीम नंबर-41, स्वामी विवेकानंद वार्ड, एकता चौक, विजय नगर, जबलपुर) और अकाउंटेंट योगेश साहू (निवासी 337, संजय गांधी नगर, सदर बाजार, जबलपुर) सहित अन्य की भूमिका को लेकर जांच की गई है. ईओडब्ल्यू की इस कार्रवाई से व्यापारिक और लेखा-जोखा से जुड़े हलकों में हड़कंप मचा हुआ है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-