नई दिल्ली. Apple अपने iPhone के 20वें एनिवर्सरी मॉडल के साथ स्मार्टफोन डिजाइन में बड़ा बदलाव कर सकता है. साल 2027 में लॉन्च होने वाले इस खास iPhone को लेकर लगातार नई जानकारियां सामने आ रही हैं. अब एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी संभावित iPhone 20 Pro का सिरेमिक एडिशन भी तैयार कर सकती है, जिसे लिमिटेड एडिशन के तौर पर पेश किया जा सकता है.
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि फोन के किस हिस्से में सिरेमिक मटेरियल का इस्तेमाल किया जाएगा और क्या यह मॉडल सीमित संख्या में ही उपलब्ध होगा.
iPhone 20 Pro Ceramic Edition पर चल रहा काम?
MacRumors की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी टिप्स्टर Fixed Focus Digital ने दावा किया है कि उसे Apple के 20वें एनिवर्सरी iPhone के लिए तैयार किए गए सिरेमिक कंपोनेंट्स की जानकारी मिली है. बताया जा रहा है कि इन पार्ट्स का प्रोडक्शन सीमित रखा जा सकता है, जिससे संकेत मिलता है कि Apple एक स्पेशल एडिशन मॉडल पर काम कर रहा है.
टिप्स्टर के अनुसार, यदि यह प्रोजेक्ट इंजीनियरिंग वैलिडेशन टेस्टिंग (EVT) में सफल रहता है, तो इसके मास प्रोडक्शन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है. हालांकि, सिरेमिक का इस्तेमाल फोन के बैक पैनल, बॉडी के किसी हिस्से या अन्य बाहरी कंपोनेंट में किया जाएगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
Apple पहले भी इस्तेमाल कर चुका है सिरेमिक
Apple पहले भी अपने कुछ प्रोडक्ट्स में सिरेमिक मटेरियल का इस्तेमाल कर चुका है. कंपनी की Apple Watch सीरीज में सिरेमिक केसिंग और विशेष सिरेमिक फिनिश वाले मॉडल पेश किए जा चुके हैं. इनमें Apple Watch Edition और Series 5 का व्हाइट सिरेमिक मॉडल शामिल रहा है.
सिरेमिक एडिशन iPhone में इस्तेमाल होने वाला मटेरियल सामान्य Ceramic Shield ग्लास से अलग हो सकता है. Ceramic Shield में ग्लास के भीतर सिरेमिक क्रिस्टल का इस्तेमाल किया जाता है, जबकि सिरेमिक बॉडी या सिरेमिक कंपोनेंट अलग मटेरियल और निर्माण प्रक्रिया पर आधारित होता है.
iPhone 20 Pro में मिल सकता है क्वाड-कर्व्ड डिस्प्ले
एनिवर्सरी iPhone के डिजाइन को लेकर भी कई बड़े बदलावों की चर्चा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple इस फोन के लिए चार अलग-अलग प्रोटोटाइप टेस्ट कर रही है. इनमें दो मॉडल फ्लैट ग्लास कवर के साथ और दो ऐसे डिजाइन वाले हैं, जिनमें डिस्प्ले ग्लास चारों किनारों से कर्व्ड होगा.
कंपनी कथित तौर पर इस डिजाइन को विकसित करने और ग्लास के कर्व्स को बेहतर बनाने में करीब तीन साल से काम कर रही है. एक लीक हुए हैंड्स-ऑन वीडियो में फोन के संभावित ग्लास डिजाइन की झलक भी दिखाई गई थी. इसमें गोल किनारे और फ्रंट कैमरा व Face ID सेंसर के लिए कटआउट नजर आने का दावा किया गया है.
टाइटेनियम फ्रेम में मिलेंगे ग्लास के कर्व्ड किनारे
संभावित iPhone 20 Pro में क्वाड-कर्व्ड ग्लास कवर दिया जा सकता है, जिसके चारों किनारे टाइटेनियम फ्रेम में जाकर मिलेंगे. इस डिजाइन से फोन का लुक मौजूदा iPhone मॉडल्स की तुलना में ज्यादा प्रीमियम और अलग हो सकता है.
इसके अलावा, Apple अपने प्राइमरी रियर कैमरा सेंसर के लिए नए 17nm लॉजिक प्रोसेस का इस्तेमाल कर सकती है. हालांकि, कैमरा से जुड़ी इस जानकारी की भी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
Action Button की जगह Camera Control को मिल सकती है नई जिम्मेदारी
फोन के फिजिकल बटन्स में भी बदलाव किए जाने की संभावना है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple अलग से दिए जाने वाले Action Button को हटाकर उसके फंक्शन्स को Camera Control बटन में शामिल कर सकती है.
संभावित व्यवस्था के अनुसार, Camera Control बटन को एक बार दबाने पर कैमरा ऐप खुल सकता है, जबकि इसे देर तक दबाने पर Action Button के लिए निर्धारित फंक्शन सक्रिय हो सकता है. इससे फोन के बटन्स की संख्या कम करने और कंट्रोल सिस्टम को अधिक सरल बनाने की कोशिश की जा सकती है.
2027 की दूसरी छमाही में हो सकता है लॉन्च
Apple का 20वें एनिवर्सरी iPhone साल 2027 की दूसरी छमाही में लॉन्च होने की उम्मीद है. कई रिपोर्ट्स में इस डिवाइस का नाम iPhone 20 Pro बताया जा रहा है, लेकिन कंपनी ने अभी तक मॉडल के नाम, डिजाइन, फीचर्स या लॉन्च टाइमलाइन को आधिकारिक रूप से कन्फर्म नहीं किया है.
अगर सामने आ रही रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो 2027 का एनिवर्सरी iPhone Apple के स्मार्टफोन डिजाइन में अब तक के सबसे बड़े बदलावों में से एक हो सकता है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

