राजस्थान पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, 419 में से 255 प्रधान बनाए; भाजपा को 105 सीटें

राजस्थान पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, 419 में से 255 प्रधान बनाए; भाजपा को 105 सीटें

प्रेषित समय :19:55:16 PM / Sat, Nov 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जयपुर। राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान के चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले शानदार प्रदर्शन किया है। प्रदेश की 419 पंचायत समितियों के प्रधान पदों के लिए शुक्रवार को हुए मतदान के बाद देर शाम परिणाम घोषित किए गए। इनमें कांग्रेस ने 255 पंचायत समितियों में प्रधान पद पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा 105 सीटों पर सिमट गई।

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 24 पंचायत समितियों में प्रधान बनाए, जबकि माकपा को दो सीटों पर सफलता मिली।

सीएम के निर्वाचन क्षेत्र सांगानेर में RLP की जीत

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्वाचन क्षेत्र सांगानेर में आरएलपी की सीमा चौधरी प्रधान निर्वाचित हुई हैं। यहां भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारे थे। इस परिणाम को प्रदेश की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

भरतपुर में भाजपा का प्रदर्शन बेहतर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर की सात पंचायत समितियों में भाजपा ने पांच और कांग्रेस ने दो सीटों पर प्रधान पद हासिल किया।

वहीं, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के गृह जिले सीकर और आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल के गृह जिले नागौर में भाजपा अपना खाता नहीं खोल सकी।

सीकर और नागौर में कांग्रेस-RLP का दबदबा

सीकर जिले की कुल 16 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 15 पर प्रधान बनाए, जबकि एक पंचायत समिति में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुआ।

नागौर जिले की 12 पंचायत समितियों में आरएलपी ने आठ और कांग्रेस ने चार सीटों पर प्रधान पद हासिल किया। यहां भाजपा को कोई सफलता नहीं मिली।

गहलोत के गृह जिले में भाजपा को सिर्फ एक सीट

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले जोधपुर में भी भाजपा का प्रदर्शन कमजोर रहा। जिले की 23 पंचायत समितियों में से भाजपा केवल एक पंचायत समिति में प्रधान पद जीत सकी।

पंचायत समिति सदस्यों के आंकड़ों में भाजपा को राहत

पंचायत समिति सदस्य चुनाव में कांग्रेस के 3,701 और भाजपा के 2,181 सदस्य निर्वाचित हुए थे। इसके बावजूद भाजपा 63 पंचायत समितियों में बहुमत होने के आधार पर 105 पंचायत समितियों में प्रधान निर्वाचित कराने को अपनी उपलब्धि मान रही है।