काबुल.अफगानिस्तान के उत्तर-पूर्वी प्रांत कुनार में शनिवार सुबह हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया. स्कूल के पास स्थित एक मकान में रखे डायनामाइट में अचानक धमाका होने से छह छात्रों की मौत हो गई, जबकि 97 लोग घायल हो गए. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी चपेट में आसपास का इलाका भी आ गया. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई.
कुनार प्रांतीय अस्पताल के प्रमुख मावला दाद ने कतर के समाचार चैनल अल जजीरा को बताया कि मृतकों और घायलों के आंकड़े शुरुआती हैं. विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.
खनन कार्य के लिए घर में रखा था भारी मात्रा में विस्फोटक
कुनार प्रांत के सूचना एवं संस्कृति विभाग के निदेशक मौलवी समी-उल-हक के मुताबिक, हादसा शनिवार सुबह करीब 10 बजे अंदार सेर इलाके में एक मिडिल स्कूल के पास हुआ. शुरुआती जांच में पता चला है कि जिस मकान में विस्फोट हुआ, उसका इस्तेमाल खनन कार्य से जुड़े कुछ लोग कर रहे थे. उन्होंने मकान में बड़ी मात्रा में डायनामाइट जमा कर रखा था.
बताया जा रहा है कि इसी विस्फोटक में अचानक धमाका हुआ, जिसकी चपेट में नजदीक स्थित स्कूल और आसपास का क्षेत्र आ गया. घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और जांच टीमें मौके पर पहुंच गईं. अधिकारी विस्फोट के कारणों और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रहे हैं.
स्कूल प्रबंधन ने की घायलों के लिए दुआ की अपील
हादसे के बाद संबंधित निजी प्राइमरी स्कूल ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर संदेश जारी कर लोगों से मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करने की अपील की. घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है. स्कूल के पास हुए इस धमाके में बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने से इलाके में दहशत का माहौल है.
अफगानिस्तान में पहले भी निशाने पर रहे हैं स्कूल और सार्वजनिक स्थल
अफगानिस्तान में पिछले कुछ वर्षों के दौरान स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर कई बड़े विस्फोट हो चुके हैं. राजधानी काबुल के दश्त-ए-बारची इलाके में वर्ष 2021 में एक गर्ल्स स्कूल के बाहर हुए कार बम धमाके में 90 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए थे. इन हमलों की जिम्मेदारी आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने ली थी.
इसके अलावा इसी साल जनवरी में काबुल के एक चीनी रेस्तरां में हुए विस्फोट में भी कम से कम सात लोगों की मौत हुई थी. तालिबान के शासनकाल में देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए ऐसे हमलों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल खड़े किए हैं. हालांकि, कुनार में हुआ ताजा विस्फोट शुरुआती जानकारी के मुताबिक खनन कार्य के लिए रखे गए डायनामाइट में दुर्घटनावश धमाका होने से हुआ है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

