जबलपुर. शहर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक खौफनाक बानगी कोतवाली थाना क्षेत्र में देखने को मिली. एक फोन कॉल पर दोस्त के परिवार की मदद करने पहुंचे सराफा व्यापारी के 18 वर्षीय बेटे और उसके साथियों पर बेखौफ बदमाशों ने लोहे की रॉड और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया. बदमाशों के इस खूनी तांडव में सर्राफा कारोबारी का बेटा लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिसे गंभीर हालत में मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वारदात के बाद इलाके में भारी दहशत का माहौल है.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, साठिया कुआं हनुमानताल निवासी 18 वर्षीय अनिकेत पाटिल अपने पिता शाहजी पाटिल के साथ सराफा बाजार स्थित 'एस.के. ज्वेलर्स' में बैठता है. 24 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 10 बजे अनिकेत अपने दो दोस्तों अमन बर्मन और साहिल खान के साथ विजयनगर इलाके में मौजूद था. इसी दौरान उसके पास साकार उदय में रहने वाले दोस्त हरसू जगदाले का घबराया हुआ फोन आया.
हरसू ने रोते-बिलखते बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले दबंग उसकी मां के साथ अभद्रता और गाली-गलौज कर रहे हैं. दोस्ती का धर्म निभाते हुए अनिकेत बिना एक पल गंवाए अपने दोनों साथियों के साथ अपनी स्कूटी (क्रमांक MP 20 ZU 8223) पर सवार होकर साकार उदय स्थित हरसू के घर की ओर दौड़ पड़ा.अनिकेत जैसे ही हरसू के घर के बाहर पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे दबंग विक्की ठाकुर, महिपाल सिंह राजपूत और उनके दो अन्य साथी आक्रामक हो गए.
आरोपियों ने अनिकेत को देखते ही ललकारा, "तू यहां लड़ने और नेतागीरी दिखाने आया है?" इसके बाद उन्होंने गालियों की बौछार कर दी.जब अनिकेत ने गाली देने से मना किया, तो चारों आरोपियों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. विक्की ठाकुर और महिपाल सिंह राजपूत ने लोहे की रॉड से अनिकेत पर ताबड़तोड़ हमला कर उसके पैरों को पूरी तरह कुचल दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे हरसू जगदाले और अमन बर्मन को भी दबंगों ने नहीं बख्शा और रॉड से हमला कर उनके सिर और हाथों में गंभीर चोटें पहुंचाईं.
गाड़ी पर बरसाए पत्थर, दी जान से मारने की धमकी
हमलावरों का रूप इतना भयानक था कि जान बचाने के लिए अनिकेत के तीनों दोस्त बदहवास होकर वहां से भाग निकले. इसके बाद आरोपियों ने सड़क पर तांडव मचाते हुए अनिकेत की स्कूटी को लोहे की रॉड और पत्थरों से पूरी तरह चकनाचूर कर दिया. जाते-जाते दबंगों ने दहाड़ते हुए अनिकेत को खुली चेतावनी दी कि अगर पुलिस के पास गए तो जान से मार देंगे.
संगीन धाराओं में मामला दर्ज, पुलिस की दबिश जारी
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मेट्रो अस्पताल पहुंची और लहूलुहान अनिकेत के बयान दर्ज किए. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी विक्की ठाकुर, महिपाल सिंह राजपूत और उनके दो साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 118(1), 296(B), 324(4), 351(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

