जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल द्वारा सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की सुविधा और कल्याण को ध्यान में रखते हुए पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच तथा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) बनवाने हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ पेंशनर्स को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनाना है.
इसी क्रम में 31 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय चिकित्सालय, जबलपुर (सभा गृह) में 80 वर्ष एवं इससे अधिक आयु के पेंशनर्स के लिए निःशुल्क हेल्थ चेकअप एवं डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने हेतु विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा.
इसके अतिरिक्त, 2 नवंबर 2026 को जबलपुर मंडल के उमंग समुदायिक भवन में एवं 02 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक जबलपुर मंडल के सात प्रमुख स्थानों पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे. इनमें मंडल के सतना, कटनी, दमोह, सागर, नरसिंहपुर, पिपरिया एवं ब्यौहारी शामिल हैं. इन स्थानों पर प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 09:00 बजे से दोपहर 15:00 बजे तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे.
मंडल द्वारा पेंशनर्स की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाने से उन्हें निर्धारित अवधि में अपने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने तथा स्वास्थ्य जांच की सुविधा प्राप्त करने में सहूलियत होगी. इससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी.
जबलपुर मंडल की अपील: समस्त पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स से अनुरोध है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित केंद्र पर उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं.
पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर मंडल अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण, स्वास्थ्य और सुविधा के प्रति प्रतिबद्ध है.

