रेल कर्मचारियों को बड़ी सौगात: 10% इंटेक कोटे पर 15 दिन में अधिसूचना, एक माह में होंगे तबादले

रेल कर्मचारियों को बड़ी सौगात: 10% इंटेक कोटे पर 15 दिन में अधिसूचना, एक माह में होंगे तबादले

प्रेषित समय :18:25:50 PM / Tue, Oct 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों के रेल कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है. इंजीनियरिंग विभाग से अन्य विभागों में जाने के इच्छुक कर्मचारियों के लिए 10 प्रतिशत इंटेक कोटे के तहत रिक्त पदों को भरने की अधिसूचना जारी की जाएगी. इस संबंध में पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ के महामंत्री अशोक शर्मा की 27 अक्टूबर 2026 को महाप्रबंधक के साथ हुई चर्चा में सहमति बनी. महाप्रबंधक ने 15 दिनों के भीतर अधिसूचना जारी करने का आश्वासन दिया.

इस व्यवस्था के तहत परिचालन, कैरिज एंड वैगन (सीएंडडब्ल्यू), ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन (टीआरडी), सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन (एसएंडटी) सहित अन्य विभागों में सहायक के रिक्त पद 10 प्रतिशत इंटेक कोटे से भरे जाएंगे. इससे इंजीनियरिंग विभाग के उन कर्मचारियों को दूसरे विभागों में जाने का अवसर मिलेगा, जो इसके लिए इच्छुक हैं.

बैठक में ग्रेड पे 1800/1900 के अंतर्गत कार्यरत ट्रैकमैन, पॉइंट्समैन, हेल्पर सहित अन्य कर्मचारियों के स्थानांतरण का मुद्दा भी उठाया गया. जिन कर्मचारियों ने दूसरे स्टेशनों पर स्थानांतरण के लिए पंजीयन कराया है, उनके स्थानांतरण एक माह के भीतर किए जाने पर सहमति बनी. संघ के अनुसार, इस निर्णय से एक हजार से अधिक रेल कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है.

इस उपलब्धि पर पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ के मंडल अध्यक्ष संतोष यादव, मंडल सचिव एस.एन. शुक्ला, संयुक्त महामंत्री संदीप श्रोती, उपाध्यक्ष सविता त्रिपाठी, हर्ष वर्मा, रोशन यादव, संतोष त्रिवेणी, संजय चौधरी, आर.ए. सिंह, योगेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, अनिकेत कुमार और सुधीर कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने खुशी जाहिर की. उन्होंने इसे रेल कर्मचारियों के हित में संघ के प्रयासों और संघर्ष की जीत बताया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-