जबलपुर. एमपी के जबलपुर में केन्ट स्थित नेहरु नगर क्षेत्र में चल रहे एक बड़े जुआ फड़ पर पुलिस ने अचानक दबिश दी. पुलिस की इस कार्रवाई से जुआरियों में हड़कंप मच गया. हालात ऐसे बन गए कि पुलिस से बचने के लिए कई जुआरी पास के नाले में ही कूदकर भागने में कामयाब रहे. कुछ को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया.
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैंट के नेहरू नगर स्थित एक सार्वजनिक शौचालय के पीछे खाली खेत में काफी लंबे समय से अवैध रूप से जुआ फड़ संचालित किया जा रहा था. स्थानीय स्तर पर मिल रही शिकायतों के मुताबिक, जैसे ही रात ढलती थी, इस सुनसान जगह पर जुआरियों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता था. आसपास के इलाकों से लोग दांव लगाने के लिए यहां पहुंचते थे और यह अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा था. बीती रात भी इस खेत में जुआरियों की महफिल सजी हुई थी और पैसों के दांव लग रहे थे. इसी दौरान कैंट पुलिस को पुख्ता सूचना मिल गई. बिना देर किए पुलिस दल ने तुरंत योजना बनाई और नेहरू नगर स्थित उस खेत की चारों तरफ से घेराबंदी कर दी.
पुलिस को अचानक अपने सामने देखकर जुआरियों में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई. कोई कुछ समझ पाता, उससे पहले ही पुलिस नेा घेराबंदी कर ली. पुलिस की पकड़ से बचने के लिए कुछ शातिर जुआरी खेत के पास से गुजरने वाले नाले में छलांग लगाकर भाग खड़े हुए. कीचड़ और पानी भरे नाले का सहारा लेकर वे अंधेरे में ओझल हो गए. वहीं, जो जुआरी भागने में नाकाम रहे, उन्हें पुलिस ने सुधांशु मल्लाह निवासी गोलछा बारात घर, कैंट, सुनील कोष्टा उम्र 53 वर्ष, निवासी पुराना रेलवे स्टेशन बर्मन बस्ती, ग्वारीघाट, मोहम्मद सलमान उर्फ गोलू निवासी घंटाघर, दानिश अली निवासी गली नंबर 14, सदर और गोलू उर्फ मनोहर राव निवासी नेहरू नगर को पकड़ा है. तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल पांच हजार रुपए नगद जब्त किए हैं. इसके अलावा उनके पास से ताश के पत्ते और अन्य सामग्री भी मिली है. पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. वहीं, जो जुआरी नाले में कूदकर या अन्य रास्तों से फरार होने में सफल रहे. पुलिस उनकी तलाश में लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

