जबलपुर में चलती कारों के दरवाजों से लटककर युवकों ने किए स्टंट, भानतलैया रोड पर मचाया गदर

जबलपुर में चलती कारों के दरवाजों से लटककर युवकों ने किए स्टंट, भानतलैया रोड पर मचाया गदर

प्रेषित समय :17:30:16 PM / Wed, Oct 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में सड़कों सड़क पर चलती कारों से लटककर जानलेवा स्टंटबाजी करने का एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में आधा दर्जन से अधिक युवक तेज रफ्तार कारों के दरवाजे खोलकर बाहर लटके हुए नजर आ रहे हैं. इस घटना ने न केवल यातायात व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे आम राहगीरों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

 प्राप्त जानकारी के अनुसार, वायरल हो रहा यह वीडियो जबलपुर के व्यस्ततम इलाके घमापुर से भानतलैया के बीच की सड़क का बताया जा रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो से तीन तेज रफ्तार कारें एक साथ सड़क पर दौड़ रही हैं. इन कारों के दोनों तरफ के दरवाजे पूरी तरह खुले हुए हैं और युवक अपनी जान जोखिम में डालकर दरवाजों पर लटके हुए हैं. इतना ही नहीं, हुड़दंगी युवकों ने सड़क पर खौफ का माहौल बनाने के लिए कारों के इंडिकेटर और इमरजेंसी लाइट्स ऑन कर रखी थीं. साथ ही, वे लगातार कानफोड़ू और कर्कश हॉर्न बजाते हुए तेज गति से गाडिय़ां दौड़ा रहे थे. वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने इस पूरी हरकत का अपने मोबाइल में वीडियो बना लिया और इसे इंटरनेट पर वायरल कर दिया.

मामला तूल पकड़ते ही पुलिस एक्शन मोड पर आ गई और वीडियों को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरु कर दी है. पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिख रही गाडिय़ों के रजिस्ट्रेशन नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है. नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिकों का पता लगाया जा रहा है और स्टंटबाजी में शामिल युवकों को चिह्नित करने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की शांति, कानून-व्यवस्था और यातायात नियमों के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. जल्द ही सभी आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-