बोकारो. झारखंड के बोकारो जिले में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली. जगेश्वर बिहार थाना क्षेत्र में पति पर अपनी पत्नी की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंकने का आरोप है. पुलिस ने मामले में आरोपी पति महेंद्र कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया लाल रंग का टाटा मैजिक एक्सप्रेस वाहन भी बरामद किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच घरेलू बातों को लेकर विवाद हुआ था. इसी विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर सो रही पत्नी की हत्या कर दी और शव को वाहन में रखकर सुनसान सड़क किनारे फेंक आया.
सड़क किनारे मिला महिला का शव
थाना प्रभारी प्रकाश यादव के अनुसार, 31 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बड़गांव-लालपनिया मार्ग पर डाकासाडम मोड़ के पास एक महिला का शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की.
प्रारंभिक जांच में मामला हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सड़क किनारे फेंकने का प्रतीत हुआ. बाद में मृतका की पहचान नीलू देवी (40), पति महेंद्र कुमार मंडल, निवासी चोरगांवा गांव, थाना लालपनिया के रूप में हुई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, तेनुघाट भेज दिया.
पिता ने पति समेत तीन लोगों पर लगाया आरोप
मृतका के पिता रामेश्वर मंडल ने पुलिस को आवेदन देकर अपनी बेटी की हत्या का आरोप उसके पति महेंद्र कुमार मंडल सहित नरेश साव और मालती देवी पर लगाया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई.
जांच के दौरान पुलिस ने महेंद्र कुमार मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है.
रात में झगड़े के बाद सोती पत्नी की हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महेंद्र ने बताया कि 30 अक्टूबर की सुबह पत्नी के साथ उसका विवाद हुआ था. इसी दिन रात में भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ. इसके बाद उसने कथित तौर पर सो रही पत्नी की हत्या कर दी.
वारदात के बाद आरोपी ने शव को लाल रंग के टाटा मैजिक एक्सप्रेस वाहन में रखा और बड़गांव-लालपनिया सड़क पर डाकासाडम मोड़ के पास फेंक दिया.
वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लाल रंग का टाटा मैजिक एक्सप्रेस वाहन (नंबर जेएच01सीटी-5368) बरामद कर लिया है. फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. मृतका के पिता द्वारा नामजद किए गए अन्य दो लोगों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है.
पुलिस की आगे की कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में अन्य तथ्य स्पष्ट होने की उम्मीद है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

