जबलपुर के घमापुर क्षेत्र में बदमाशों ने मचाया कोहराम, कार सवार पर किया हमला, पथराव करते हुए भाग निकले

जबलपुर के घमापुर क्षेत्र में बदमाशों ने मचाया कोहराम, कार सवार पर किया हमला, पथराव करते हुए भाग निकले

प्रेषित समय :19:59:33 PM / Sun, Nov 1st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित घमापुर क्षेत्र में कस्तूरबा पोस्ट ऑफिस के सामने बीती रात जो खौफनाक मंजर देखने को मिला, उसने पूरे इलाके को दहशत के साये में ला दिया है. सूने रास्तों पर सन्नाटा चीरती हुई थार गाड़ी में सवार होकर आए कुख्यात बदमाशों ने जो तांडव मचाया, उसने हर किसी की रूह कंपा दी. मामूली सी बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष और खुलेआम गुंडागर्दी में बदल गया.

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, कस्तूरबा नगर पोस्ट ऑफिस के सामने रहने वाले 36 वर्षीय नितेश झा बीती रात करीब 12 बजे अपनी ब्रेज़ा कार से घर लौटे थे. वे अपने घर के ठीक सामने रोजाना की तरह गाड़ी पार्क करने की जद्दोजहद में जुटे थे. तभी वहां मौत का पैगाम बनकर आए कुख्यात बदमाश साहिल यादव और अभिलाष चौधरी अपने दो अन्य अज्ञात साथियों के साथ एक तेज रफ्तार थार गाड़ी में सवार होकर पहुंचे. आरोपियों ने अपनी थार गाड़ी से नितेश की कार के पीछे लगातार हॉर्न बजाना शुरू कर दिया. थका-हारा होने के बावजूद नितेश ने संयम दिखाते हुए अपनी गाड़ी को थोड़ा आगे बढ़ाया ताकि वे रास्ता दे सकें. लेकिन, अपराधी प्रवृत्ति के इन बदमाशों के मन में तो कुछ और ही शैतानी साजिश पल रही थी.

रास्ता मिलते ही साहिल यादव ने अपनी थार गाड़ी को नितेश की कार के आगे अड़ा दिया और बिना किसी उकसावे के गंदी-गंदी गालियां बकने लगा. जब नितेश झा ने इस अभद्रता और गुंडागर्दी का विरोध किया, तो आग बबूला हुए साहिल यादव और उसके साथियों ने दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए नितेश पर अचानक हमला बोल दिया. बदमाशों ने ताबड़तोड़ वार कर नितेश को लहूलुहान करने की कोशिश की. अपनी जान पर बनता देख नितेश ने पूरी ताकत से चीखना-चिल्लाया. पति की चीख-पुकार सुनकर नितेश की पत्नी और आसपास के तमाम पड़ोसी अपनी नींद छोड़कर घबराए हुए घरों से बाहर निकल आए. जनता को इक_ा होता देख और लोगों का हुजूम बढ़ता देख हमलावरों के कदम थोड़े ठिठके, जिसके बाद वे मौके से जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए.

लौटकर किया पथराव और उत्पात-

घटना के बाद दोबारा लौटकर आए बदमाशों ने इलाके में जमकर पथराव शुरू कर दिया. सड़क पर ईंट-पत्थर बरसाते हुए उन्होंने खुलेआम ऐसा उत्पात मचाया कि घरों के अंदर दुबके लोग सहम गए. पीडि़त की शिकायत पर हरकत में आई घमापुर थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी साहिल यादव, अभिलाष चौधरी और उनके दो अन्य साथियों के खिलाफ बीएनएस की ंगभीर धारा 296बी, 115(2), 119(1), 351(2) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है. पुलिस अब इन फरार और कुख्यात बदमाशों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही है. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-