जबलपुर. सद्गुरु उत्तराधिकारी संत प्रवर पूज्य श्री विज्ञानदेव जी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विहंगम योग संत समाज, जबलपुर द्वारा रविवार, 1 नवंबर को सिविल लाइन में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया. शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोगों ने कुल 18 यूनिट रक्तदान किया.
शिविर के आयोजन में लेडी एल्गिन चिकित्सालय एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी का विशेष सहयोग रहा. रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों की सहायता और मानव सेवा के उद्देश्य से स्वेच्छा से रक्तदान किया.
इस अवसर पर भजन-सत्संग का भी आयोजन किया गया. श्री सतीश चंद्र श्रीवास्तव ने आध्यात्मिक प्रवचन दिए. मंडला से आए श्री बलराम पटेल ने भजनों की प्रस्तुति दी, वहीं श्रीमती मधुलात्ता ने भी भजन सुनाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया. श्रद्धालुओं ने सत्संग और भजनों का आनंद लिया.
कार्यक्रम में विहंगम योग संत समाज मध्य प्रदेश के समन्वयक श्री जयराम सिंह, मंत्री श्री आर.पी. पांडेय, संयोजक श्री मदन प्रसाद, श्री अशोक जायसवाल, श्रीमती सीमा श्रीवास्तव, श्री अनिकेत कुमार, श्री हंसराज कुमार, श्रीमती वर्षा गुप्ता और श्रीमती संगीता सहित समाज के अनेक गुरु भाई-बहन एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे.
वक्ताओं ने रक्तदान को मानवता की महत्वपूर्ण सेवा बताते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिल सकता है. उन्होंने स्वस्थ लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की.
विहंगम योग संत समाज द्वारा आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों के तहत प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है. संस्था का उद्देश्य सेवा, सहयोग, सद्भाव और मानव कल्याण की भावना को बढ़ावा देना है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

