आदिवासी महासंघ ने डिप्टी सीएम से की पट्टे देने की मांग, सरदा की 44 हेक्टेयर जमीन की जांच हो

आदिवासी महासंघ ने डिप्टी सीएम से की पट्टे देने की मांग, सरदा की 44 हेक्टेयर जमीन की जांच हो

प्रेषित समय :19:51:57 PM / Sun, Nov 1st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित सिहोरा में आदिवासी उत्थान महासंघ के पदाधिकारियों ने रविवार को उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को ज्ञापन सौंपा. उन्होंने सिहोरा तहसील के ग्राम सरदा के भूमिहीन परिवारों को कृषि भूमि के पट्टे देने की मांग की. देवड़ा जबलपुर प्रवास पर पहुंचे थे.

ज्ञापन में ग्राम पंचायत हरगढ़ के अंतर्गत आने वाले सरदा की करीब 44 हेक्टेयर जमीन की राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर जांच कराने की मांग की गई. महासंघ ने कहा कि जांच के बाद पात्र परिवारों को नियमानुसार कृषि भूमि दी जाए. ज्ञापन के मुताबिक, गांव में कई गरीब परिवारों के पास खेती के लिए अपनी जमीन नहीं है. इससे उन्हें परिवार का भरण-पोषण करने में आर्थिक परेशानी होती है. महासंघ ने जमीन की मौजूदा स्थिति और राजस्व रिकॉर्ड की जांच कर उसकी श्रेणी और आवंटन की पात्रता तय करने की मांग की.

महासंघ ने उपमुख्यमंत्री से संबंधित अधिकारियों को जमीन की जांच, पात्रता तय करने और भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार पट्टे देने के निर्देश देने की मांग की. पदाधिकारियों ने कहा कि कृषि भूमि मिलने से पात्र परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकेंगे. इस दौरान महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष योगेश कोल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजू खातेल, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार दाहिया, ब्लॉक अध्यक्ष चंदन गोटिया और निज सहायक दुर्गेश कोल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-