झुंझुनूं. राजस्थान के झुंझुनूं जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा चिड़ावा-सिंघाना मार्ग पर गाड़ाखेड़ा चौकी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो और बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
आमने-सामने की टक्कर में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बोलेरो
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सिंघाना से चिड़ावा की ओर जा रही थी. वहीं बोलेरो में सवार चार युवक चिड़ावा से सिंघाना की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान गाड़ाखेड़ा चौकी के पास दोनों वाहनों की टक्कर हो गई.
दुर्घटना के बाद बोलेरो में सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची. एंबुलेंस चालक रमेश कुमार और ईएमटी भलेश ने घायलों को तत्काल चिड़ावा उप जिला अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में एक युवक ने तोड़ा दम, दूसरे की रास्ते में मौत
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दीपक पुत्र सुभाष पायल को मृत घोषित कर दिया. वहीं, अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए झुंझुनूं रेफर किया गया. इसी दौरान रास्ते में विकास पुत्र महेंद्र पायल की भी मौत हो गई.
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक ढाढ़ोत गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. दुर्घटना में घायल दो अन्य युवकों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति ठीक बताई जा रही है.
पुलिस ने संभाला मोर्चा, सड़क से हटवाए दुर्घटनाग्रस्त वाहन
हादसे की सूचना मिलने पर सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उनके साथ कांस्टेबल पवन और चालक यशपाल भी मौजूद रहे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
दो युवकों की मौत की खबर से ढाढ़ोत गांव में शोक का माहौल है. दोनों मृतकों के शव चिड़ावा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं. रविवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे.
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

