भोपाल. राजधानी भोपाल में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से सनसनी फैल गई. छोला मंदिर थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय नरेंद्र साहू ने कथित तौर पर अपनी मां, पत्नी और दो मासूम बच्चों की गला काटकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने सुखिया सेवनिया थाना क्षेत्र में चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली. सोमवार को पुलिस की शुरुआती जांच में इस सामूहिक हत्याकांड का खुलासा हुआ.
घटना गौर मैरिज गार्डन के पास स्थित एक बहुमंजिला आवासीय इमारत की है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिले. मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है. चारों के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं.
शुरुआत में पुलिस इस घटना को सामूहिक आत्महत्या से जोड़कर देख रही थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर मामला परिवार के सदस्यों की हत्या का निकला. उधर, सुखिया सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां इलाके में रेलवे ट्रैक पर नरेंद्र साहू का शव बरामद हुआ. पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है.
सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की. चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं. पुलिस नरेंद्र की मौत की परिस्थितियों का भी पता लगा रही है.
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नरेंद्र साहू ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया. पुलिस पारिवारिक विवाद, आर्थिक परेशानी और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है. जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

