आबूरोड. राजस्थान के सिरोही जिले में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई. आबूरोड के मावल गांव के पास नेशनल हाईवे-27 पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त मंगलवार रात करीब 10.30 बजे एक ही बाइक से वासड़ा से आबूरोड की ओर जा रहे थे. मावल गांव के पास ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने पर रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी सूचना दी. बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे.
तीनों अलग-अलग गांवों के निवासी
रीको थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत के अनुसार, मृतकों की पहचान माउंट आबू के देलवाड़ा निवासी शंकर, काछोली निवासी प्रकाश और आबूरोड ब्लॉक की सांतपुर पंचायत के चामुंडाफली निवासी दिनेश के रूप में हुई है. हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे. घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में शोक छा गया.
चित्तौड़गढ़ निवासी ट्रक चालक गिरफ्तार
पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया है. चालक की पहचान चित्तौड़गढ़ जिले के निवासी दुर्गालाल के रूप में हुई है. पुलिस उससे पूछताछ कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

