राजस्थान- श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट, दो सीमेंट ब्लॉक टूटे; चार ट्रेनें रद्द

राजस्थान- श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट, दो सीमेंट ब्लॉक टूटे; चार ट्रेनें रद्द

प्रेषित समय :10:10:31 AM / Wed, Nov 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

श्रीगंगानगर. राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड पर मंगलवार रात करीब 9:45 बजे धमाका हुआ. विस्फोट से रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक पूरी तरह टूट गए और पटरियों के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा हो गया. धमाके की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी. घटना से पहले रात करीब 9 बजे इस ट्रैक से एक पैसेंजर ट्रेन गुजरी थी.

रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस, आईबी, सीआईडी और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की टीमें मौके पर पहुंचीं. एहतियातन बुधवार सुबह तक इस रेलखंड पर यातायात बंद रखा गया. इसके चलते बुधवार को इस रूट की चार ट्रेनें रद्द कर दी गईं. रेलवे की टीम मंगलवार देर रात करीब दो बजे घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की गई.

आईबी, सीआईडी और एटीएस ने शुरू की जांच

रात करीब दो बजे आईबी और सीआईडी की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं. इसके करीब 15 मिनट बाद एटीएस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे. श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर ने बताया कि विस्फोट की तीव्रता और रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने के पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच की जा रही है. एफएसएल की टीम घटनास्थल से नमूने लेकर उनका परीक्षण करेगी.

ट्रेन गुजरने के 45 मिनट बाद हुआ धमाका

रामसिंहपुर थाना प्रभारी राम प्रताप के मुताबिक, मंगलवार रात 8:30 बजे अनूपगढ़ जंक्शन से सूरतगढ़ के लिए ट्रेन रवाना हुई थी. रात करीब नौ बजे ट्रेन 50 जीबी गांव के आसपास से गुजरी. इसके लगभग 45 मिनट बाद रेलवे पटरी पर धमाका हुआ. आवाज सुनकर करीब 200 मीटर दूर स्थित ढाणी में रहने वाले ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रात करीब 11 बजे पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-