राजस्थान - चित्तौड़गढ़-कोटा हाईवे पर बड़ा हादसा, कार की टक्कर से 3 मजदूरों की मौत; 10 घायल

राजस्थान - चित्तौड़गढ़-कोटा हाईवे पर बड़ा हादसा, कार की टक्कर से 3 मजदूरों की मौत; 10 घायल

प्रेषित समय :15:23:31 PM / Sat, Nov 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

चित्तौड़गढ़. राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में नेशनल हाईवे-27 पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. मेनाल के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर से टकराने के बाद करीब 15 फीट गहरे निर्माणाधीन गड्ढे में जा गिरी. वहां ओवरब्रिज निर्माण कार्य में जुटे मजदूर कार के नीचे दब गए. हादसे में महिला सहित तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए.

ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर हुआ हादसा

बेगूं के पुलिस उपाधीक्षक अंकित कुड़ी के अनुसार, मेनाल जोगणिया माता मार्ग पर ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है. इसके लिए सड़क किनारे करीब 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था. शुक्रवार को सात मजदूर वहां काम कर रहे थे. इसी दौरान चित्तौड़गढ़ से कोटा की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले पानी के टैंकर से टकराई और फिर गड्ढे में जा गिरी. कार की चपेट में आने से कई मजदूर दब गए.

भीलवाड़ा और मांडलगढ़ के निवासी मृतकों में शामिल

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भीलवाड़ा निवासी 45 वर्षीय बिहारी, मांडलगढ़ निवासी 50 वर्षीय सावता और गंगरार निवासी 40 वर्षीय प्रेम बाई के रूप में हुई है. पुलिस और स्थानीय लोगों ने क्रेन व राहत उपकरणों की मदद से कार हटाकर शवों और घायलों को बाहर निकाला.

तीन घायलों की हालत गंभीर, भीलवाड़ा रेफर

हादसे में कुल 10 लोग घायल हुए हैं. इनमें गड्ढे में काम कर रहे चार मजदूर और कार में सवार छह लोग शामिल हैं. घायलों में तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए भीलवाड़ा रेफर किया गया है.

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को मोर्चरी में रखवाया है. कार और पानी के टैंकर के चालकों के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-