जबलपुर. एमपी के जबलपुर में ग्वारीघाट स्थित छिवला गांव में एक मामूली बात ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. बच्चों के सामने गाली-गलौज का विरोध करने पर बदमाशों ने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पीडि़त परिवार गहरे सदमे में है.
ग्वारीघाट पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक की भाभी आशा ने बताया कि रविवार को गांव के ही रहने वाले नरू, बल्लू और गुल्लू नामक युवक सार्वजनिक रूप से उल्टी-सीधी गालियां दे रहे थे. उस समय वहां आसपास छोटे बच्चे भी मौजूद थे, जिन पर इस अशिष्ट व्यवहार का बुरा असर पड़ रहा था. जब आशा के देवर रंजीत ने आरोपियों को समझाने का प्रयास किया और उनसे आग्रह किया कि वे घरों के आसपास और बच्चों के सामने इस प्रकार की गंदी भाषा का प्रयोग न करें, तो आरोपी इस बात पर बुरी तरह भड़क गए. रंजीत की समझाइश से आरोपी आपे से बाहर हो गए और गुस्से में आकर उन्होंने रंजीत को ही अपना निशाना बना लिया.
गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. सामुदायिक भवन के सामने आपसी रंजिश के चलते दबंगों ने रंजीत पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपियों ने रंजीत के साथ इतनी बेरहमी से मारपीट की कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्वारीघाट पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है. इस खूनी संघर्ष के बाद से छिवला गांव में तनाव का माहौल है और पीडि़त परिवार तथा स्थानीय लोग दहशत में हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

