बीकानेर में ट्रेन की चपेट में आने से 3 की मौत, दंपति को बचाने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा; एक घायल

बीकानेर में ट्रेन की चपेट में आने से 3 की मौत, दंपति को बचाने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा; एक घायल

प्रेषित समय :17:23:38 PM / Mon, Nov 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जयपुर. राजस्थान में रविवार को दो अलग-अलग हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया. बीकानेर में रेलवे ट्रैक पर हुए दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रेलवे लाइन पर विवाद कर रहे एक दंपति को बचाने की कोशिश में दो अन्य लोग भी ट्रेन की चपेट में आ गए. वहीं, नागौर में पटाखों में आग लगने के बाद हुए जोरदार विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई.

बीकानेर में रेलवे ट्रैक पर मची अफरा-तफरी

यह हादसा बीकानेर के जेएन व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र के घड़सीसर रेलवे ट्रैक पर हुआ. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक दंपति किसी बात को लेकर रेलवे पटरी पर ही विवाद कर रहा था. इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने उन्हें बचाने के लिए ट्रैक की ओर जाने की कोशिश की. तभी अचानक ट्रेन आ गई और चारों लोग उसकी चपेट में आ गए.

हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद ट्रेन को रोक दिया गया. सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.

एक मृतक की पहचान, दो की शिनाख्त बाकी

थानाधिकारी देवेंद्र सिंह के मुताबिक, मृतकों में एक की पहचान बिहार के दरभंगा निवासी संजीत मोची के रूप में हुई है. अन्य दो मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. घायल व्यक्ति की पहचान को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है.

नागौर में पटाखों में आग लगने से जोरदार धमाका, दो की मौत

राजस्थान के नागौर जिले में भी हाल ही में एक बड़ा हादसा सामने आया. बड़ली इलाके में पटाखों में आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

सूचना मिलने पर दमकल विभाग और कोतवाली थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची. आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, जांच में जुटी FSL टीम

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पटाखा फैक्ट्री के पास बिजली का खंभा मौजूद था. आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी, जिसके बाद पटाखों में विस्फोट हो गया. घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-