UP: कन्नौज में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार चार दोस्तों को वाहन ने मारी टक्कर; तीन की मौत

UP: कन्नौज में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार चार दोस्तों को वाहन ने मारी टक्कर; तीन की मौत

प्रेषित समय :16:41:05 PM / Tue, Nov 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कन्नौज. उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की जान चली गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. चारों एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग पर कचाटीपुर गांव के पास सामने से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया.

एक ही बाइक पर सवार थे चार दोस्त

जानकारी के अनुसार, आगौस गांव निवासी 35 वर्षीय विजय कुमार बाइक से अपने गांव के तीन दोस्तों 28 वर्षीय मनीष कुमार सविता, 45 वर्षीय वेदराम पाल और 30 वर्षीय आशीष कुमार सविता के साथ इंदरगढ़ के विशेनेपुर्वा गांव जा रहे थे.

सोमवार रात करीब 11:30 बजे जब उनकी बाइक कचाटीपुर गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

तीन दोस्तों की मौके पर मौत, चौथे की हालत गंभीर

हादसे में विजय कुमार, मनीष कुमार सविता और वेदराम पाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं, आशीष कुमार सविता गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया.

थार से टक्कर की आशंका, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

शुरुआती जानकारी में हादसे में थार गाड़ी के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी वाहन की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. घटना के बाद से वाहन चालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है.

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके. मामले में आगे की जांच जारी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-