हत्या के आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस, मृतक की बहन ने देखा तो पत्थर उठाकर मारने दौड़ी

हत्या के आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस, मृतक की बहन ने देखा तो पत्थर उठाकर मारने दौड़ी

प्रेषित समय :17:11:02 PM / Tue, Nov 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. घमापुर क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपियों का आज दोपहर पुलिस ने जुलूस निकाला, पुलिस अब आरोपियों को घटनास्थल से लेकर आगे जा रहा था, तभी मृतक की बहन आ गई, जिसने आरोपियों को देखा तो पत्थर उठाकर मारने के लिए दौड़ पड़ी, जिसे पुलिस ने किसी तरह रोक दिया. बहन द्वारा एक ही बात कही जा रही थी कि तूने मेरे भाई को क्यों मार दिया.

बताया गया है कि दीवाली की रात जुआं खेलने को लेकर उपजे विवाद पर दस बदमाशों ने मिलने दो युवकों की चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी. पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आज दोपहर पुलिस सभी आरोपियों को लेकर घटनास्थल पहुंची, इसके बाद उनका जुलूस निकाला तो मृतकों के परिजन भड़क गए. उन्होंने आरोपियों को मारने की कोशिश की. पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आरोपियों को परिजनों से बचाया और फिर कांचघर तक पैदल जुलूस निकाला. इस दौरान मृतक कार्तिक उर्फ बाबू चौधरी की छोटी बहन हाथ में पत्थर लेकर आरोपियों को मारने के लिए दौड़ पड़ी.

उसके मुंह से बार-बार सिर्फ एक ही बात निकल रही थी, तूने मेरे भाई को क्यों मार डाला. पुलिस ने किसी तरह बहन को रोक लिया, इस दौरान अफरातफरी मच गई थी. आरोपियों को पुलिस की गिरफ्त में देख लोगों की भीड़ एकत्र हो गई थी. पुलिस ने आरोपियों को जुलूस की शक्ल में कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया. हालांकि, कार्तिक-करण पासी हत्याकांड के तीन आरोपी अभी भी फरार हैं. उनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है. पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-