बूंदी. राजस्थान के बूंदी जिले में गोवर्धन पूजा के दिन पटाखे से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा हो गया. घर के बाहर सुतली बम फोड़ रहे 12 वर्षीय बच्चे की विस्फोट में जान चली गई. बताया जा रहा है कि बच्चे ने सुतली बम को उल्टे रखे स्टील के गिलास के अंदर रखकर जलाया था. धमाके के कारण गिलास के नुकीले टुकड़े उसके सीने में जा धंसे.
स्टील के गिलास में रखा था सुतली बम
पुलिस के मुताबिक, हादसा बूंदी सदर थाना क्षेत्र के मंडी रोड स्थित नानकपुरिया तिराहे के पास हुआ. मृतक बच्चे की पहचान 12 वर्षीय साजन के रूप में हुई है. घटना के समय वह अपने घर के बाहर अकेले पटाखे जला रहा था.
इसी दौरान उसने एक सुतली बम को उल्टे रखे स्टील के गिलास के अंदर रख दिया और उसमें आग लगा दी. बम फटते ही जोरदार धमाका हुआ. विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि स्टील का गिलास टूटकर कई नुकीले टुकड़ों में बिखर गया.
सीने में धंसे गिलास के टुकड़े, मौके पर मौत
धमाके के बाद गिलास के टुकड़े छर्रों की तरह बच्चे की छाती में जा लगे. गंभीर रूप से घायल साजन खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
बताया गया कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर गोवर्धन पूजा की तैयारियों में व्यस्त थे. अचानक हुए धमाके और हादसे से परिवार में चीख-पुकार मच गई.
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल एसएचओ रमेश आर्य और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आवश्यक कार्रवाई की. बच्चे को अस्पताल भी ले जाया गया, जहां उसकी मौत की पुष्टि हुई.
बूंदी नगर परिषद के सभापति भारत शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया. पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की कानूनी जांच की जा रही है.
पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी
यह हादसा एक बार फिर पटाखों के साथ खतरनाक प्रयोग करने के गंभीर परिणामों की याद दिलाता है. पटाखों को कभी भी गिलास, बोतल, डिब्बे या अन्य बंद वस्तुओं में रखकर नहीं जलाना चाहिए. बच्चों को पटाखे हमेशा बड़ों की निगरानी में और सुरक्षित दूरी से ही जलाने चाहिए.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

